चोरों का हौसला बुलंद: हल्द्वानी में निर्माणाधीन मकान से कॉपर तार और सीसीटीवी एडॉप्टर चोरी, दो लाख का नुकसान
हल्द्वानी शहर में चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं। चोरों ने हीरानगर स्थित चिकित्सक आवास को निशाना बनाया। निर्माणाधीन मकान में घुसे चोर बिजली के कॉपर तार और सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर चोरी कर ले गए।
विस्तार
हल्द्वानी शहर में चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं। चोरों ने हीरानगर स्थित चिकित्सक आवास को निशाना बनाया। निर्माणाधीन मकान में घुसे चोर बिजली के कॉपर तार और सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर चोरी कर ले गए। तार काटे जाने से मकान की पूरी वायरिंग की जांच और मरम्मत कराने की नौबत आ गई। चोर मकान में तोड़फोड़ कर वायरिंग और उपकरण को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर गए, जिससे करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चिकित्सक डॉ. अरुण जोशी का 57 हीरानगर आवास में निर्माण कार्य चल रहा है। छह नवंबर की रात करीब 12:30 से 1:30 बजे के बीच अज्ञात चोर मकान में घुस गए। चोरों ने प्रथम तल, भूतल और सर्वेंट रूम से बिजली के कॉपर तार चोरी कर लिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर भी उड़ा ले गए। चोरों ने मकान में लगी बिजली की वायरिंग को नुकसान पहुंचाया। तार चोरी होने के कारण पूरे मकान की वायरिंग बदलनी पड़ रही है, जिससे नुकसान और बढ़ने की आशंका है।
तहरीर में बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में नीली जैकेट पहने एक संदिग्ध दिखाई दिया, लेकिन इसके आगे की फुटेज उपलब्ध नहीं हुई। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।