नैनीताल। सैलानियों की आवक शुरू होने के साथ ही नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में भीड़ बढ़ने लगी है। रविवार को नैनीताल समेत आसपास के अधिकांश पर्यटक स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। कोरोना काल के बाद शुरू हो रहे सीजन को लेकर पर्यटन व्यवसायी खुश हैं।
बता दें कि मार्च के बाद से कोरोना संक्रमण के चलते नैनीताल में पर्यटन व्यवसाय पूरी तरह से ठप था, लेकिन पिछले दिनों सरकार ने कोविड से संबंधित प्रतिबंध हटा लिए थे। इसके बाद से नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में सैलानियों की आवक शुरू हो गई है। रविवार को नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, भवाली, मुक्तेश्वर और रामगढ़ की वादियों में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। हालांकि इनमें से अधिकांश शाम को अपने घरों को लौट गए और कुछ ही सैलानियों ने यहां रात्रि विश्राम किया।
इधर, नगर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में से एक चिड़ियाघर में 401, हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में 40 पर्यटक पहुंचे। कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से संचालित केव गार्डन में 170 और कालाढूंगी मोटर मार्ग स्थित वाटर फॉल में 375 पर्यटकों ने मौैजमस्ती की। इसके साथ ही पर्यटकों ने टिफिन टॉप और बारापत्थर में घुड़सवारी का आनंद लिया।