हल्द्वानी में पांच घंटे बिजली कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले दो दिनों से राज्य में बिजली का जबरदस्त संकट है। शनिवार को बिजली की किल्लत के कारण ढाई घंटे से लेकर सात घंटे तक की कटौती की गई। आगरा-ग्वालियर लाइन के सर्किट में आई खराबी का खामियाजा राज्य को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि बिजली संकट से निजात दिलाने को पावर कारपोरेशन ने पंजाब से पांच मिलियन यूनिट बिजली बैंकिंग करने का निर्णय लिया है। पंजाब से बिजली रविवार रात बारह बजे से मिलने लगेगी। हल्द्वानी में शनिवार को पांच घंटे की कटौती की गई।
उत्तराखंड के जल विद्युत गृहों से महज 8.81 मिलियन यूनिट उत्पादन हो रहा है। जबकि मांग 36.6 मिलियन यूनिट की है। केंद्रीय स्रोतों को शामिल करते हुए उपलब्धता 31.61 मिलियन यूनिट रही। पांच मिलियन यूनिट बिजली की कमी के कारण बृहस्पतिवार से लगातार कटौती हो रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा-ग्वालियर लाइन के सर्किट एक और दो में तकनीकी खामी आ गई थी। लोड अधिक होने के कारण ग्रिड को बचाने के लिए एनआरएलडीएस ने कटौती कराई। शनिवार को उक्त लाइन शुरू हो गई।
लाइन पर 24 सौ मेगावाट का लोड रहता है मगर कोहरे के कारण 12 सौ मेगावाट का लोड डालकर लाइन शुरू की गई। पावर कारपोरेशन को इंडियन एनर्जी एक्सचेंज ने भी 25 जनवरी तक बिजली देने से मना कर दिया। पावर कारपोरेशन पंजाब से पांच मिलियन यूनिट बिजली आज रात्रि 12 बजे से बैंकिंग के माध्यम से लेगा। जुलाई से सितंबर माह तक उक्त बिजली लौटाई जाएगी। पंजाब भी 25 जनवरी तक बिजली देगा।
बिजली की जबरदस्त किल्लत के कारण शनिवार को ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में सात घंटे, गढ़वाल और कुमाऊं के छोटे शहरों में चार घंटे, रुड़की, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर में तीन घंटे और कोटद्वार में ढाई घंटे की कटौती की गई। हल्द्वानी में शनिवार शाम साढ़े आठ बजे से साढ़े दस बजे तक की भी कटौती की गयी।