हल्द्वानी: तेज रफ्तार बाइक ने पिता-पुत्र को मारी टक्कर, किशोर की मौत
कठघरिया इलाके में सब्जी बेचकर लौट रहे हरिशंकर मौर्य और उनके बेटे कपिल मौर्य को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल किशोर को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हरिशंकर का इलाज चल रहा है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कठघरिया इलाके में सब्जी बेचकर लौट रहे हरिशंकर मौर्य और उनके बेटे कपिल मौर्य (13) को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल किशोर को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हरिशंकर का इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद किशोर का शव परिजनों को सौंप दिया है।
हरिशंकर मूलरूप से यूपी के बरेली स्थित फरीदपुर के निवासी हैं। यहां वह किराये के मकान में रहकर सब्जी बेचने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार हरिशंकर मौर्य बंटाई पर खेती-किसानी करने और सब्जी बेचने का काम करते हैं। बृहस्पतिवार देर रात वह अपने बेटे कपिल के साथ सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। तभी हल्द्वानी-रामनगर हाइवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हरिशंकर किसी तरह ऑटो रिक्शा रुकवाकर बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। हालत में सुधार होने पर शनिवार को हरिशंकर को घर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार हरिशंकर के चार बच्चे हैं कपिल सबसे बड़ा था।
बनती रही वीडियो, मदद के लिए नहीं उठे हाथ
जानकारी के अनुसार जब हादसा हुआ तब वहां तमाम लोग एकत्र हो गए लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। किसी ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बारे में नहीं सोचा। इसके बजाय सभी अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। हालांकि कुछ पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे लेकिन वह भी जब तुरंत मदद नहीं कर पाए तब हरिशंकर ने खुद ही रिक्शा रुकवाया और बेटे को अस्पताल ले गए।
बाइक पर दो लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जल्द ही बाइक चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया जाएगा। फिलहाल मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। -मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी