नैनीताल। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने एडीबी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह सीवरेज से संबंधित लंबित कार्यों को दस जुलाई से शुरू कर दो माह के भीतर पूरा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि निर्माण सामग्री और खोदी गई मिट्टी को सुरक्षात्मक ढंग से रखना सुनिश्चित करें। कहा कि यदि इसके कारण जनहानि होती है तो इसकी जवाबदेही संबंधित अधिकारी की होगी।
डीएम वंदना सिंह बृहस्पतिवार को एडीबी के अधिकारियों के साथ सीवरेज लाइन संबंधी कार्यों की जिला स्तरीय अनुसरण एवं परामर्श समिति की बैठक ले रही थी। इस दौरान एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज उपाध्याय ने प्रजेंटेशन के माध्यम से शहर के मालरोड, रूसी बाईपास, ठंडी सड़क, तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक निर्माणाधीन सीवरेज कार्यों की जानकारी डीएम को दी। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य शुरू करने से पहले संबंधित ठेकेदार से समन्वय बनाते हुए बारिश को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। डीएम ने कहा कि शहर में जिन लोगों ने अपने घरों के सीवरेज कनेक्शन रेन वाटर सीवरेज के साथ जोड़े हैं, उनके कनेक्शन 23 जून से काटे जाएं। कहा कि जल संस्थान रेन वाटर सीवरेज की सफाई करना सुनिश्चित करें। बैठक में सीओ विभा दीक्षित, नगर पालिका के अधिशासी अधिकार आलोक उनियाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।