भीषण गर्मी में स्कूल टाइमिंग पर सवाल: चिलचिलाती धूप में हो रही स्कूल की छुट्टी, अभिभावकों में बढ़ी चिंता
भीषण गर्मी में दोपहर के समय स्कूल की छुट्टी होने से बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल सुबह जल्दी खुलने चाहिए और एक बजे से पहले छुट्टी की जाए।
विस्तार
गर्मी अपने चरम पर है और सूरज की चिलचिलाती किरणें जनजीवन को झुलसा रही हैं। बावजूद इसके शहर के कई स्कूलों में दोपहर में ठीक उस वक्त छुट्टी हो रही है जब सूरज सीधे सिर के ऊपर होता है। ऐसे में स्कूलों की टाइमिंग पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि गर्मियाें में स्कूल सुबह जल्द खुलने चाहिए और दोपहर एक बजे से पहले छुट्टी होनी चाहिए ताकि छोटे बच्चे गर्मी के प्रकोप से बचे रहें।
अभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन का समय सुबह 7:45 से दोपहर 2:05 बजे तक है। दोपहर 12 से तीन बजे तक का समय ऐसा होता है जब गर्मी अपने प्रचंड रूप में होती है और इसी दौरान अधिकतर स्कूलों में बच्चों की छुट्टी हो रही है। शिक्षक और अभिभावक दोनों इस टाइमिंग से नाराज हैं। अभिभावक संघर्ष समिति के संयोजक मदन मोहन जोशी का कहना है कि दोपहर एक बजे से पहले स्कूलों में अवकाश हो जाना चाहिए। दोपहर में स्कूलों में भी खेलकूद जैसी एक्टिविटी भी नहीं होनी चाहिए।
डॉक्टर की राय
तेज गर्मी से सिर दर्द से लेकर डिहाइड्रेशन और बेहोशी आदि कई समस्याएं हो सकती हैं। खासकर ऐसे मौसम में बच्चों को दिन की धूप से बचाना चाहिए। एक्टिविटी के लिए सुबह का समय सही है। गर्मी से बचाने के लिए बच्चों को पानी और रसीले फलों का सेवन कराना चाहिए। - डॉ. परमजीत सिंह, वरिष्ठ फिजिशियन, एसटीएच।
गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जा सकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर सुबह स्कूल खुलने का समय एक घंटा पहले और छुट्टी का समय भी तय समय से एक घंटा पहले करने की मांग की जाएगी। स्कूलों को खेलकूद की गतिविधियां सुबह कराने के लिए भी निर्देशित किया जाएगा। - जीआर जायसवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल।