Ramnagar: ऑनलाइन बुकिंग से सर्पदुली रेस्ट हाउस को हटाया गया, सैलानी अब यहां रात्रि विश्राम नहीं कर सकेंगे
कार्बेट नेशनल पार्क के सर्पदुली रेस्ट हाउस को पार्क प्रशासन ने ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया से हटा दिया है। ऐसे में देश-विदेश से 90 दिन पूर्व अपनी ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले पर्यटक अब यहां रात्रि विश्राम का लुत्फ नहीं उठा सकेंगे।
विस्तार
जिम कार्बेट नेशनल पार्क के सर्पदुली रेस्ट हाउस को पार्क प्रशासन ने ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया से हटा दिया है। अब यहां के दोनों रेस्ट हाउस को ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत संचालित किया जा रहा है। ऐसे में देश-विदेश से 90 दिन पूर्व अपनी ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले पर्यटक अब यहां रात्रि विश्राम का लुत्फ नहीं उठा सकेंगे।
बता दें कि जिम कार्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला जोन में जिप्सी से भ्रमण करने के लिए पर्यटकों को रात्रि विश्राम करना अनिवार्य होता है। इसके लिए ढिकाला, सर्पदुली, गैरल, खिनानौली, सुल्तान आदि रेंजों में बने रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम की सुविधा है। खिनानौली को छोड़कर अन्य रेस्ट हाउस में ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था हैं। इधर, अब कार्बेट प्रशासन ने सर्पदुली रेंज के दोनों रेस्ट हाउस के चारों कमरों को ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया से हटाकर ऑफलाइन श्रेणी में डाल दिया गया है। इसके चलते देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ऑफलाइन बुकिंग के दौरान चर्चा में आया था धांधली मामला
बता दें कि पिछले वर्षों में कार्बेट के ढिकाला जोन के भीतर तत्कालीन वार्डन के रेस्ट हाउस को ऑफलाइन बुकिंग के तहत ट्रेवल एजेंट ने किसी पर्यटक को बेच दिया था।
सर्पदुली रेस्ट हाउस को ऑनलाइन से हटाना गलत निर्णय है। कार्बेट प्रशासन ने किस मंशा से रेस्ट हाउस को ऑफलाइन प्रक्रिया से बाहर किया है, इसकी कोई जानकारी जिप्सी संगठन को नहीं दी गई है। सर्पदुली को वापस ऑनलाइन करना चाहिए। - जगदीश छीमवाल, अध्यक्ष, जिप्सी एसोसिएशन।
सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जहां ऑनलाइन प्रक्रिया का इस्तेमाल कर रही है, वहीं कार्बेट अधिकारी रात्रि विश्राम के रेस्ट हाउस को ऑफलाइन श्रेणी में कर रहे हैं। इसके चलते देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। - नरेंद्र शर्मा, समाजसेवी, रामनगर।
रेस्ट हाउस को ऑफलाइन करने से स्थानीय लोगों को कार्बेट टाइगर रिजर्व में भ्रमण करने का मौका मिलेगा। स्थानीय लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यहां के रेस्ट हाउस को ऑफलाइन किया जाना उचित कदम है। - मदन जोशी, विधायक प्रतिनिधि, रामनगर।
सर्पदुली के रेस्ट हाउस को ऑफलाइन प्रक्रिया में शामिल किया गया है। सर्पदुली में रात्रि विश्राम करने वाले पर्यटकों के लिए तीन डॉरमेट्री की सुविधा ऑनलाइन है। साथ ही विदेशी पर्यटकों के लिए ढिकाला में दो कमरे रिजर्व किए गए हैं। - राहुल मिश्रा, उपनिदेशक, सीटीआर।