हल्द्वानी: मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्र से रैगिंग, अस्पताल में भर्ती कराया; 30 से अधिक छात्रों से पूछताछ
हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट की शिकायत पर बेहोश होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता की शिकायत पर एंटी रैगिंग कमेटी ने 30 से अधिक छात्रों से पूछताछ की।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट की शिकायत सामने आई है। बेहोश होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्र के पिता की शिकायत पर एंटी रैगिंग कमेटी ने 30 से अधिक छात्रों से पूछताछ की। कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रबंधन ने पत्र भेजकर उसके पिता को बुलाया।
जानकारी के अनुसार, वार्षिकोत्सव क्रिसेंडो की तैयारियों को लेकर बीते दिनों छात्रों की बैठक हुई थी। आरोप है कि इस दौरान एमबीबीएस तृतीय वर्ष के एक छात्र ने द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ मारपीट की। इसके बाद छात्र अस्पताल में भी भर्ती हुआ। अगले दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 20 अक्तूबर को छात्र के पिता ने ईमेल भेजकर कॉलेज प्रबंधन से बेटे के साथ रैगिंग होने की शिकायत की। इस पर कॉलेज प्रशासन ने बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई। कमेटी ने घटनाक्रम के दौरान मौजूद रहे 30 से अधिक छात्रों को बुलाकर अलग-अलग पूछताछ की।
प्रबंधन के अनुसार, पूछताछ में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई। कुछ छात्रों ने बताया कि शिकायत करने वाले छात्र के नवरात्र के व्रत चल रहे थे। तैयारी बैठक के दौरान वह बेहोश हो गया था।
कॉलेज प्रबंधन ने शिकायतकर्ता छात्र के पिता को भी बुलाया था, लेकिन वह एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में नहीं पहुंच सके। अब उन्हें दोबारा बुलाने के लिए पत्र भेजा जा रहा है। ज्ञात हो कि दो हफ्ते पहले नर्सिंग कालेज में भी र्रैगिंग का आरोप लगाकर एक छात्र प्रवेश लेने के दूसरे दिन ही कॉलेज छोड़ गया था।
प्राचार्य बोले, जांच में नहीं हुई पुष्टि
द्वितीय वर्ष के छात्र के पिता ने ईमेल के माध्यम से रैगिंग की शिकायत की है। प्रारंभिक जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। छात्र के पिता को कॉलेज बुलाने के लिए पत्र भेजा जा रहा है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अजय आर्या, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी