हल्द्वानी एमबीपीजी में शिक्षकों ने किया कार्य बहिष्कार: प्राध्यापक से मारपीट करने पर गुस्साए, कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कंप्यूटर विभाग के प्राध्यापक के साथ मारपीट, गालीगलौज और अभद्रता की घटना से शिक्षकों और कर्मचारियों में आक्रोश है। विरोध में मंगलवार को महाविद्यालय में कार्य बहिष्कार किया गया।
विस्तार
हल्द्वानी एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कंप्यूटर विभाग के प्राध्यापक के साथ मारपीट, गालीगलौज एवं अभद्रता की घटना पर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में मंगलवार को महाविद्यालय में कार्य बहिष्कार किया गया।
शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों की ओर से प्राचार्य को दिए पत्र में कहा गया कि सोमवार को कंप्यूटर विभाग के प्राध्यापक के साथ महाविद्यालय के कुछ छात्रों एवं बाहरी तत्वों ने महाविद्यालय परिसर में मारपीट, गालीगलौज एवं अभद्रता की। उनकी हालत गंभीर है। जबकि प्राध्यापक पर बेड टच का आरोप लगाने वाली छात्रा ने पुलिस कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।
महाविद्यालय में हुई आपात बैठक में उच्चशिक्षा मिनिस्टीरियल कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रौतेला ने कहा अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं।
बैठक में चीफ प्राक्टर डॉ.मनीषा तिवारी, डॉ. एसएस धपोला, डॉ. जीवन सिंह गढि़या, डॉ. राहुल चंद्रा, श्याम मेवाड़ी, नवीन शर्मा समेत समस्त प्राध्यापक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
पॉश कमेटी के पास मामला जांच के लिए गया है। इस पर जल्द दोनों पक्षों को बुलाकर निर्णय लिया जाएगा। - डॉ. एमपी सिंह, प्रभारी प्राचार्य, एमबीपीजी कॉलेज
