भीमताल (नैनीताल)। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने सोमवार को विकास भवन सभागार में वित्तीय वर्ष 2021-22 की जिला योजना अवसंरचना के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि सभी विभाग वित्तीय वर्ष में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चुनेें, जिससे आमजन को ज्यादा लाभ मिल सके।
डीएम ने मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी को किसानों को आड़ू, खुबानी आदि फसलों के लिए बॉक्स उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने उन्नतशील किसानी के लिए 300 पॉलीहाउस निर्माण, 15 एकड़ भूमि पर सेब के पौधे और 15 हजार कीवी के पौधे लगावने के निर्देश दिए। उन्होंने रामगढ़ में लगभग एक एकड़ भूमि पर ट्यूलिप गार्डन विकसित करने, फ्लोरीकल्चर में लीलियम की खेती को बढ़ावा देने को भी कहा। डीएम ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को ग्राम सभा के अनुसार कार्य योजना तैयार कर 250 तालाबों के निर्माण का लक्ष्य रखने को कहा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को टिफिन टॉप का सौंदर्यीकरण, गहना और मनागैर में वाटरफॉल ट्रेक विकसित करने और हल्द्वानी में 52 डांठ का सौंदर्यीकरण करने सहित विभिन्न प्रस्तावों को कार्ययोजना में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिला युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को 300 पीआरडी जवानों को रोजगार मुहैया कराने के हिसाब से रोस्टर बनाकर पेश करने को कहा। गर्ब्याल ने सभी विभागों के अधिकारियों को जिला योजना की आगामी बैठक में बजट का प्रस्ताव रखने को कहा। सीडीओ नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष के लिए जिला योजना में 4906.00 लाख रुपये की धनराशि आवंटित है। यहां प्रभागीय वनाधिकारी टीआर बीजूलाल, परियोजना निदेशक अजय सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, डीएसटीओ एलएम जोशी, सीईओ केके गुप्ता, सीएमओ भागीरथी जोशी, सीएचओ धनपत कुमार, डीएचओ भावना जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, ईई लोनिवि एबी कांडपाल, महेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।