हल्द्वानी। राजपुरा में नलकूप खराब होने से पानी को लेकर हाहाकार मचा है। मंगलवार को गुस्साए स्थानीय लोगों ने खाली बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
कांग्रेस नेता हेमंत साहू के नेतृत्व में राजपुरा के लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल संकट के चलते दीवाली का त्योहार फीका रहा। लोग पानी के लिए दर-दर भटकते रहे। कांग्रेस नेता साहू का कहना है कि ट्यूबवेल खराब होने के कारण क्षेत्र की दस हजार से अधिक आबादी चार दिन से पेयजल संकट से जूझ रही है।
ट्यूबवेल ठीक नहीं होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए पानी का इंतजाम किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में एडवोकेट मुकेश सरकार, चंचला मिस्त्री, अन्नू वाल्मीकि, रमेश वाल्मीकि, नेहा, सुनील कुमार, पूनम मंडल, प्रीति आर्या आदि शामिल रहे। इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव का कहना है कि ट्यूबवेल को ठीक करने के लिए टीम भेजी गई है। जल्द ही पेयजल संकट को दूर कर लिया जाएगा। प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों से पानी बांटा जा रहा है। संवाद