हल्द्वानी: पर्यटकों की तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, एक घायल; सिर में चोट और छह जगह टूटी हड्डी
हल्द्वानी के इंदिरानगर फाटक के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार 51 वर्षीय बाबू खां को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में इलाज जारी है। कार दिल्ली से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की बताई जा रही है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के इंदिरानगर फाटक के पास बने कट पर सोमवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार 51 वर्षीय बाबू खां को टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं टक्कर मारने वाली कार दिल्ली से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की बताई जा रही है।
साबरी मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद साहिल ने बताया कि उनके पिता बाबू खां रेता ढुलाई का काम करते हैं। सोमवार को वह गौलापुल से इंदिरानगर की तरफ आ रहे थे। रेलवे फाटक के पास बने कट पर वह सड़क पार करने के लिए किनारे से रुके हुए थे। आरोप है कि काठगोदाम की तरफ से आ रही दिल्ली नंबर की तेज रफ्तार कार ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। बताया कि बाबू खां के दोनों पैर, कंधे, कूल्हे की हड्डी में फ्रेक्चर हुआ है। रीढ़ की हड्डी और सिर में भी चोट आई है।
रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार कार में पांच लोग सवार थे, इनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब स्थानीय लोगों ने बातचीत की तब लोगों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद बाबू खां पहले कार के शीशे से टकराए और उसके बाद जमीन पर गिरे। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है, घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।