दिवाली पर पटाखों की गूंज: हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों की नींद उड़ी, हल्द्वानी में शोर सीमा से 27.60 डीबी ज्यादा
दिवाली पर पटाखों की धमाकों ने शोर के सारे मानक तोड़ दिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की रिपोर्ट के मुताबिक हल्द्वानी के मंगल पड़ाव क्षेत्र में शोर 76.80 डीबी दर्ज किया गया, जो रात के मानक से 21.80 डीबी अधिक है।
विस्तार
इस दिवाली पर पटाखों ने कान के पर्दे हिला दिए। शोर इतना था कि हॉस्पिटल में भर्ती मरीज भी चैन से सो नहीं पाए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट कहती है, शोर मानक से कहीं ज्यादा था। हल्द्वानी-नैनीताल में हवा भी खराब और कान भी फटे। पीसीबी की आधिकारिक रिपोर्ट में हल्द्वानी की हवा पिछले साल से पांच अंक साफ हुई, लेकिन अभी भी मानक से डबल प्रदूषित है। हल्द्वानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 तो शोर 76.80 डीबी रहा।दिवाली से एक दिन पहले सब शांत था, दिवाली वाले दिन धमाका हो गया।
पीसीबी अधिकारियों के मुताबिक साइलेंस जोन यानी हॉस्पिटल-स्कूल के पास दिन में 50 और रात में 40 डीबी से ज्यादा शोर नहीं होना चाहिए। रेजिडेंशियल एरिया में दिन में 55 और रात में 45 डीबी की सीमा है। व्यावसायिक क्षेत्र में दिन में 65 और रात में 55 डीबी तक छूट है लेकिन दिवाली वाले दिन सब फेल हो गया। हल्द्वानी के मंगल पड़ाव क्षेत्र में 76.80 डीबी शोर हुआ, यानी रात के मानक से 21.80 डीबी ज्यादा। शीशमहल कॉलोनी में 72.60 डीबी हुआ, जो रेजिडेंशियल सीमा से 27.60 डीबी ज्यादा है। सेंट पॉल्स स्कूल जैसे साइलेंस जोन में भी 64.50 डीबी पहुंच गया, यानी 24.50 डीबी ज्यादा।
पिछले साल से इस बार शोर थोड़ा कम हुआ था, यह अच्छी बात है। लोग ग्रीन पटाखों की तरफ बढ़ रहे हैं, लेकिन अभी भी शोर मानक से बहुत ज्यादा है। साइलेंस जोन में भी 52 से 64 डीबी तक शोर चिंता की बात है। हमारी अपील है, रात दस के बाद पटाखें ने फोड़ें और अस्पताल-स्कूल के पास आतिशबाजी से बचें। -अनुराग नेगी, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हल्द्वानी
आतिशबाजी ने बिगाड़ा दीपावली का जश्न, 35 लोग झुलसे
दीपावली का जश्न कई लोगों के लिए हादसों भरा रहा। आतिशबाजी के दौरान झुलसने, मारपीट और चोट लगने की घटनाओं के चलते अस्पतालों में देर रात तक घायलों को लेकर परिजन पहुंचते रहे। रविवार को इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही और चिकित्सकों को लगातार घायलों को उपचार करना पड़ा।
बेस अस्पताल में दीपावली के दौरान कुल 138 मामले पहुंचे। इनमें करीब 25 मामले आतिशबाजी के दौरान झुलसने के थे। पटाखों की चपेट में आने से लोग झुलस गए। कई लोग मारपीट और अन्य घटनाओं में चोटिल होकर अस्पताल इलाज के लिए पहुंचे। दीपावली की रात इमरजेंसी में इन मामलों के चलते चिकित्सकों पर काफी दबाव रहा।
डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भी आतिशबाजी से झुलसे लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। चिकित्सा अधीक्षक अरुण जोशी ने बताया कि अस्पताल में 24 घंटे के दौरान झुलसने के 10 मामले दर्ज किए गए। इनमें तीन लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, हाथ-पैर में चोट लगने के 28 मामले भी सामने आए। चोटिल होकर पहुंचे ये सभी लोग अज्ञात थे और उनकी पहचान नहीं हो सकी।
अस्पतालों में मरीजों की भीड़
दीपावली पर शहर रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाता रहा। जश्न के बीच हुए हादसों ने कई लोगों की खुशियों में खलल डाला। आतिशबाजी के दौरान झुलसने के अलावा मारपीट और अन्य चोटों के मामले भी सामने आए। अस्पतालों की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ देर रात तक बनी रही। चिकित्सक लगातार घायलों का उपचार करते रहे।
मंगलवार को ओपीडी सेवाएं प्रभावित
सार्वजनिक अवकाश के चलते मंगलवार को सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बेस अस्पताल और महिला अस्पताल में नियमित ओपीडी संचालित नहीं होगी। यहां मरीजों को केवल इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं, डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में आधे दिन तक ओपीडी संचालित की जाएगी। नियमित जांच और परामर्श के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को ओपीडी के समय का ध्यान रखना होगा।
हल्द्वानी में दो दिन में आग की आठ घटनाएं, कोई हताहत नहीं
दीपावली और सोमवार को शहर में आग की आठ घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में किसी भी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। लगातार हुई आग की घटनाओं से दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार को दीपावली के दिन शहर में आग लगने से अचानक अफरातफरी मच गई। दोपहर करीब साढ़े चार बजे गौजाजाली बरेली रोड स्थित राजू मौर्या की झोपड़ी में आग लग गई। रात 7:42 बजे ट्रांसपोर्टनगर-मुक्त विवि चौक के पास अनाज से भरे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसके एक घंटे बाद ठंडी सड़क पर खाली प्लॉट में रखे कूड़े में आग लग गई। देर रात 12:30 बजे ठंडी सड़क स्थित एक स्कूल के पास बिजली के खंभे पर लगी फ्लैक्सी में भी आग लग गई।
दीपावली की रात के अन्य हादसे
दीपावली की रात 11:48 बजे मीरा मार्ग स्थित सचिन अग्रवाल के तीन मंजिला भवन में आग लग गई। आग पहली मंजिल पर बालकनी में रखे सामान तक फैल गई। दमकल कर्मियों ने लोगों को धुएं के बीच सुरक्षित बाहर निकाला और आग को आसपास के भवनों तक फैलने से रोका। कुसुमखेड़ा निवासी जीत सिंह के घर के मंदिर में भी दीपावली की रात दीया गिरने से आग लग गई। धुएं से आग का पता चला और आग ने मंदिर के कमरे के साथ बच्चों की कॉपी-किताबें व बिस्तर भी चपेट में ले लिए।
दूसरे दिन तीन जगह लगी आग, दमकल टीम ने बुझाई
सोमवार सुबह हल्दूचौड़ हाथीखाल में धान की पराली में आग लग गई, जिसे बुझाने में दमकल टीम को मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर में बनभूलपुरा लाइन नंबर-12 स्थित गोदाम में रखे कूड़े में आग लग गई। देर रात डेढ़ बजे रेलवे बाजार में खाली प्लॉट में फेंके कूड़े में आग लगने की सूचना पर दमकल कर्मी पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया।
आग की सभी घटनाओं की सूचना पर दमकल टीम पहुंची और तत्काल राहत व बचाव कार्य किए। किसी भी घटना में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। - मिंदरपाल सिंह, एफएसओ