नैनीताल में बारिश का कहर: कहीं बोल्डर तो कहीं पेड़ गिरा, मलबे में फंसी पर्यटकों की कार; बाल-बाल बचे सवार
नैनीताल में मंगलवार को बारिश ने कहर बरपाया। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर कई जगह पहाड़ी से बोल्डर-मलबा और पेड़ सड़क पर गिर गए। ज्योलीकोट में हरियाणा के पर्यटकों की कार मलबे में फंसी, जबकि दोगांव में एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहाड़ पर बारिश बरसी तो नैनीताल की सड़कों पर आफत उतर आई। मंगलवार को हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर कहीं पहाड़ी से बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा तो कहीं पेड़ भरभराकर वाहनों पर जा गिरा। ज्योलीकोट नंबर वन में बोल्डर और मलबे की चपेट में आकर हरियाणा के पर्यटकों की कार फंस गई, जबकि दोगांव के पास पेड़ और मलबे की चपेट में आने से टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों हादसों में कार और टैक्सी सवार बाल-बाल बच गए। वहीं, एक बाइक और पिकअप भी मलबे में फंस गई। दिनभर मलबा आने से हाईवे पर यातायात कई बार थमता और खुलता रहा।
मंगलवार को तेज बारिश के दौरान हरियाणा निवासी साहिल तीन दोस्तों के साथ कैंची धाम जा रहे थे। ज्योलीकोट से आगे जाने के बाद आगे मार्ग बंद होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने वाहन मोड़ लिया। वापसी में ज्योलीकोट के नर्सरी गेट के समीप अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर गिरने के बाद कार पर आ गिरे। इसकी चपेट में आने से कार मलबे में फंस गई। अचानक हुए हादसे से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए चारों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन भूस्खलन के बाद सड़क के ऊपर रहने वाले खीमराम, तिलाराम व शेखर टम्टा के घर खतरे की जद में आ गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से उनके परिवार पड़ोसियों के घर शिफ्ट हो गए हैं।
इधर, बारिश के दौरान ही दोपहर बाद हल्द्वानी निवासी चंदन सक्सेना तीन सवारियों को लेकर टैक्सी से नैनीताल आ रहे थे। दोगांव के पास अचानक पहाड़ी से पेड़ और मलबा सड़क पर आ गिरा। इसकी चपेट में टैक्सी आ गई और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान एक बाइक और सामने से आ रही पिकअप भी मलबे में फंस गई। राहगीरों ने सभी वाहन सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। भुजियाघाट चौकी प्रभारी बबीता ने बताया कि दोनों हादसों में किसी को चोट नहीं आई है। वाहनों को नुकसान पहुंचा है। सुबह वीरभट्टी, डोलमार, गुलाबघाटी और दोगांव समेत कई स्थानों पर मलबा आने से यातायात बाधित रहा। देर शाम मलबा हटाकर यातायात सुचारु कर दिया गया है।
वीरभट्टी पुल के समीप बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे बोल्डर, चपेट में आने से बाल-बाल बचे राहगीर
ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर वीरभट्टी पुल के समीप मंगलवार को बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन या राहगीर बोल्डर की चपेट में नहीं आया। मार्ग पर बोल्डर और मलबा आने से कुछ समय के लिए आवाजाही बाधित रही। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि मंगलवार को करीब सवा 12 बजे बारिश के दौरान वीरभट्टी पुल के समीप अचानक पहाड़ी से बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने से मार्ग पर हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं कालाढूंगी मार्ग व रूसी बाइपास में भी मलba गिरने से यातायात प्रभावित रहा। जबकि देवीधूरा बसानी मार्ग मलबा गिरने के बाद बंद हो गया है।
दोगांव के पास फिर गिर रहा मलबा, हादसे का खतरा
नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर दोगांव के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने से हादसे का खतरा बना हुआ है। दो दिन पूर्व भी इसी स्थान पर पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर गिर गया था, जिससे मार्ग पर पांच घंटे तक आवाजाही बंद हुई थी। एनएच की ओर से मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया गया था, लेकिन अब भी पहाड़ी से मलबा गिरने का सिलसिला जारी है।
बारिश के दौरान आपदा संभावित क्षेत्रों में पर्यटकों और अन्य वाहनों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कई पर्यटक चेतावनी के बावजूद आगे निकल रहे हैं। सड़क से मलबा हटाकर यातायात सुचारु कर दिया है। जेसीबी सड़कों पर तैनात हैं।- महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, एनएचएआई