हल्द्वानी। मंडलायुक्त दीपक रातव ने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की 16वीं बोर्ड बैठक में नैनीताल झील और नौकुचियाताल सहित कई प्रस्तावों पर अधीनस्थों के साथ चर्चा की। सर्किट हाउस काठगोदाम में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में विकास प्राधिकरण की बैठक हुई। बैठक में भवाली में मल्टीस्टोरी पार्किंग कम बहुउद्देशीय भवन के भूमि हस्तांतरण, कोश्याकुटौली तहसील में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण, कामर्शियल शॉप निर्माण के स्थान पर पेट्रोल पंप निर्माण की स्वीकृति पर चर्चा की गई। इसके अलावा ग्राम चनैती में रेस्टोरेंट भवन का मानचित्र स्वीकृत करने, मल्लीताल मे एकल आवासीय भवन, सीएमओ कार्यालय के भवन का मानचित्र, वर्ल्ड आर्य कला केंद्र भवन का पुनर्निर्माण, ग्राम करायत में आईओसीएल के पेट्रोल पंप, डहरिया में भवन निर्माण मे शिथिलता, लोेक संस्कृति संग्रहालय गीताधाम में पर्यटन प्रोत्साहन हेतु सहयोग करने पर बल दिया गया। इसके अलावा पार्किंग, दुकानोें के निर्माण, रनवीर गार्डन डहरिया मुखानी में दो नये होटलों का निर्माण मानकों के अनुरूप करने, नैनीझील से 30 मीटर परिधि में निर्मित वैध भवनों की मरम्मत, नौकुचियाताल में एयरेशन सिस्टम के संचालन और रखरखाव की स्वीकृति के साथ ही झीलों में चलाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का अधिकार प्रस्ताव मंजूर हुए। प्राधिकरण ने बैठक में वर्ष 2021-22 का व्यय और वर्ष 2022-23 का प्रस्तावित बजट का ब्यौरा पेश किया। यूर्निवर्सिटी में विशेष रूप से रोजगारपरक योजनाओं जिनमें फार्मेसी, इंजीनियरिंग, लॉ, नर्सिंग, पैरामेडिकल, आयुर्वेद, होटल मैनेजमेंट तथा योगा जैसे विषयों को लेकर प्रथम फेस में कार्य करने के निर्देश परियोजना प्रबंधक को दिए। बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, ईई पेयजल निगम एके कटारिया, कोषाधिकारी हेम कांडपाल, सीएफओ डीएलडीए पूजा नेगी आदि थे।