Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Stromatolite fossils discovered near Hat Kalika Temple; granted national geo-heritage status

पिथौरागढ़: हाट कालिका मंदिर के आसपास मिले स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म, राष्ट्रीय भू-विरासत की मिली मान्यता

Sun, 22 Nov 2026 12:35 PM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़ Published by: गायत्री जोशी Updated Sun, 22 Nov 2026 12:35 PM IST
सार

गंगोलीहाट के हाट कालिका मंदिर क्षेत्र में मिले स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्मों को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल घोषित किया गया है। उत्तराखंड का यह पहला स्थल है, जिसे यह मान्यता मिली है।

विज्ञापन
Stromatolite fossils discovered near Hat Kalika Temple; granted national geo-heritage status
-पिथौरागढ़ में डीएम से मुलाकात कर गंगोलीहाट के हाट कालिका क्षेत्र में मौजूद स्ट्रोमैटोलाइन जीवाश्मों के संरक्षण का अनुरोध करती भारतीय भू वैज्ञानिक सर्वेक्षण और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन की टीम। - फोटो : स्रोत: स्वयं

विस्तार

गंगोलीहाट में विश्व प्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर के आसपास स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म यानी शैवाल मिले हैं जिनकी मौजूदगी हजारों साल पहले सूक्ष्मजीवों की मौजूदगी दर्शाती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस जगह का महत्व बढ़ गया है। ऐसे में गंगोलीहाट के इस स्थल को राष्ट्रीय भू-विरासत की मान्यता मिली है।

विज्ञापन

रामलाल आनंद दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ पर्यवेक्षक पिथौरागढ़ एवं आसपास के जिलों में यूनेस्को जियो पार्क परियोजना पर कार्य कर रहे हैं। यह परियोजना पर्यावरण मंत्रालय एवं राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन की निगरानी में संचालित की जा रही है।

विज्ञापन

पर्यवेक्षकों ने गंगोलीहाट नगर के पास हाटकालिका मंदिर क्षेत्र में स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्मों की खोज की है जो इस परियोजना की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। बीते 9 अक्तूबर 2026 को हुई एक बैठक में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की तरफ से इस भू-स्थल को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल घोषित किया गया है। पूरे प्रदेश में भू-विरासत स्थल का दर्जा प्राप्त करने वाला यह पहला स्थल है।

विज्ञापन
विज्ञापन

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की उपमहानिदेशक डॉ. स्निग्धा घटक ने अपनी टीम के साथ 18 से 20 नवंबर तक गंगोलीहाट, बेरीनाग तथा पिथौरागढ़ के भू-स्थलों का सर्वेक्षण किया। अपने सर्वेक्षण में उन्होंने इस क्षेत्र के भू-स्थलों के अंतरराष्ट्रीय महत्व की पुष्टि की है। ऐसे में इस स्थल को जियो पार्क के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

डीएम से मिली टीम, इस स्थल पर बन रही पार्किंग को बताया नुकसानदायक

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन की टीम ने नोडल अधिकारी श्री महेंद्र लोढ़ी के नेतृत्व में डीएम आशीष भट्टगाईं से मुलाकात की। डॉ. घटक ने गंगोलीहाट के भू-स्थल के वैज्ञानिक महत्व को बताते हुए कहा कि इसका संरक्षण आवश्यक है। जियो पार्क परियोजना के मुख्य पर्यवेक्षक प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि इस भू-स्थल पर पार्किंग के निर्माण के लिए हो रहे भू-खनन से इसके वैज्ञानिक महत्व को नुकसान पहुंचने की संभावना है। उन्होंने इस भू-स्थल पर मौजूद स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्मों के संरक्षण के लिए पार्किंग स्थल की दिशा बदलने के साथ ही यहां जियो पार्क सूचना केंद्र का निर्माण करने का अनुरोध किया है। डीएम ने इसका आश्वासन देकर डॉ. घटक से इस क्षेत्र को विकसित करने के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की बात कही। डीएम ने उनसे सूचना केंद्र का डिजाइन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।

ये होते हैं स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म

स्ट्रोमैटोलाइट यानी नील हरित शैवाल परत-दर-परत वृद्धि करते हैं। उथले पानी में सायनोबैक्टीरिया की चिपचिपी परत तलछट के कणों को फंसाती और बांधती है, जिससे समय के साथ स्ट्रोमैटोलाइट की परतदार टीले या चट्टानें बनती हैं। स्ट्रोमैटोलाइट लगभग 3.5 से 3.7 अरब वर्ष पुराने हो सकते हैं जो पृथ्वी पर शुरुआती जीवन की मौजूदगी को दर्शाते हैं।

स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म दिखाते हैं कि अरबों साल पहले पृथ्वी पर सूक्ष्मजीवों के रूप में जीवन मौजूद था और तब वही प्रमुख जीवन रूप थे। प्रकाश संश्लेषण के माध्यम से इन्होंने समुद्रों और वायुमंडल में ऑक्सीजन बढ़ाई, जिससे ग्रेट ऑक्सीजनेशन इवेंट, ओजोन परत और जटिल जीवों के विकास का मार्ग खुला। इनकी परतें प्राचीन समुद्रों की गहराई, तलछट और जलवायु की स्थिति समझने में मदद करती हैं। ये प्राचीन महासागरों, महाद्वीपीय हलचलों और चट्टानी स्तरों के क्रम को समझने में सहायक हैं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed