कुमाऊं के रूटों का सर्वे पूरा, 75 नये मार्ग पर दौडे़ंगे वाहन
परिवहन विभाग ने कुमाऊं के वाहन रूटों का सर्वे का काम पूरा कर लिया है। कुमाऊं में करीब 75 ऐसे रूट तय किए गए ये हैं, जहां पर वाहन चल सकते हैं। शासन को शनिवार को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इन रूटों पर राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) या संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के माध्यम से परमिट प्रदान किए जाएंगे।
बीते दिनों परिवहन मंत्री नवप्रभात की अध्यक्षता में देहरादून में मीटिंग हुई थी। इसमें रूटों का सर्वे करने का निर्देश दिया गया था, जिससे लोगों को सार्वजनिक यातायात सुविधा के साथ ही रोजगार मिल सके।
इसी क्रम में कुमाऊं में सर्वे का काम चल रहा था। संबंधित जिलों के एआरटीओ ने आरटीओ एसके सिंह को रूट की रिपोर्ट, रूट के नक्शे आदि सौंप दिए हैं।
इसमें सबसे ज्यादा रूट ऊधम सिंह नगर जिले में निकले हैं। काशीपुर एआरटीओ कार्यालय और एआरटीओ रुद्रपुर कार्यालय के तहत क्रमश: 20 और 15 रूटों को तय किया गया है। चंपावत जिले में 14 रूट का चयन किया गया है।
इसी तरह अल्मोड़ा में 10, बागेश्वर में तीन और पिथौरागढ़ जिले में सात रूटों को छांटा गया है, जहां पर आसानी से वाहन चल सकते हैं। सबसे कम रूट नैनीताल जिले में मिले हैं, यहां पर छह नये रूट चिह्नित किए गए हैं। इस रिपोर्ट को शनिवार को शासन को भेजा जाएगा।
कुमाऊं में रूट सर्वे का काम पूरा हो गया है। रिपोर्ट मिल गई है, इस संबंध में कुमाऊं के परिवहन अधिकारियों के साथ रूट, यात्रियों की संख्या, कौन-कौन से वाहन संचालित हो सकते हैं समते सभी बिंदुओं पर विस्तार वार्ता भी की गई है। अब परमिट के आवेदन मांगने और देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- एसके सिंह आरटीओ, हल्द्वानी व अल्मोड़ा संभाग