Haldwani News: अमर उजाला की खबर के बाद सड़क पर उतरे कमिश्नर, अफसरों पर बिफरे; दिए सख्त निर्देश
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। गड्ढा युक्त सड़कों का सुधार नहीं किए जाने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई।
विस्तार
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। सीएम के निर्देश के बावजूद गड्ढा युक्त सड़कों का सुधार नहीं किए जाने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करने और मानसून सीजन में वैकल्पिक तरीकों से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी शहर के मुख्य मार्गों की दुर्दशा और उससे लोगों को होने वाली परेशानी को अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रमुखता से उठाया था। इसका संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त दीपक रावत सोमवार को लोनिवि, ब्रिडकुल और जल संस्थान के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त सड़कों में डामरीकरण तो नहीं हो सकता है लेकिन वैकल्पिक तरीकों से सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
आयुक्त दीपक रावत ने फोन पर कुमाऊं के सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मॉनिटरिंग की जाए और प्राथमिकता के साथ सड़कों को गड्ढा मुक्त करें। कहा कि बारिश खत्म होने के बाद स्थायी रूप से सड़कों में सुधार हो। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्युष कुमार और ब्रिडकुल के अधिकारी उपस्थित थे।
लीकेज के चलते क्षतिग्रस्त होती दिखी सड़क
आयुक्त ने काठगोदाम में हिल डिपो के सामने नैनीताल रोड, देवलचौड़ चौराहा मार्ग और टीपीनगर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। काठगोदाम में देखा गया कि वहां नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन से पानी आने और सड़क पर पेयजल लाइन के लीकेज के कारण मोटरमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता को तत्काल लीकेज ठीक कराने और डिपो की कार्यदायी संस्था को स्टेशन से आने वाले पानी को ड्रेनेज सिस्टम में डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को देवलचौड़ व टीपीनगर मार्गों को भी जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त करने के लिए कहा।