फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Jauljibi Mela in Pithauragarh

भारत-नेपाल के मैत्री संबंधों को एक करने का कार्य करता है जौलजीबी मेला: धामी

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Mon, 15 Nov 2021 12:06 AM IST
विज्ञापन
Jauljibi Mela in Pithauragarh
जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते स्थानीय लोग। संवाद - फोटो : PITHORAGARH
जौलजीबी (पिथौरागढ़)। काली और गोरी नदी के संगम पर ऐतिहासिक जौलजीबी मेला शुरू हो गया है। रविवार को मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत-नेपाल के मैत्री संबंधों को एक करने का कार्य करता है। यह मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। इस मेले को और अधिक विकसित एवं सुविधायुक्त किया जाएगा। इस दौरान सीएम ने जौलजीबी मेले के लिए पांच लाख रुपये देने सहित विभिन्न घोषणाएं भी कीं। वहीं, धारचूला के विधायक हरीश धामी ने मेले के आयोजन के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। मेला 24 नवंबर तक चलेगा।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने पिछले चार महीनों में प्रदेश के हित में 400 से अधिक फैसले लिए हैं। इन सभी फैसलों का शासनादेश भी जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने जो भी घोषणाएं की हैं, उन्हें धरातल पर भी उतारा है। सीएम बोले, यह उनका सौभाग्य है कि उन्होंने इस भूमि पर जन्म लिया है। वह जब भी यहां आते हैं, उन्हें अपार प्यार मिलता है।
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि यह मेला भारत एवं नेपाल दोनों देशों का सांस्कृतिक मेला है। पूर्व में यह एक बड़ा व्यापारिक मेला होता था। अब इसका स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है। सांसद अजय टम्टा ने केंद्र की ओर से संचालित कार्यों की जानकारी दी। इससे पूर्व डीएम डॉ. आशीष चौहान ने शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सीएम का स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

आपदा राहत राशि बढ़ाने के लिए केंद्र को भेजा है प्रस्ताव
जौलजीबी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली राहत राशि कम है, इसे वह भी मानते हैं। इसे देखते हुए आपदा राहत के सभी मानकों में राशि बढ़ाए जाने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा अनुसंधान संस्थान खोलने का प्रस्ताव भी भारत सरकार को भेजा गया है। इस संस्थान के खुलने से आपदाओं की रोकथाम हो सकेगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को उचित राहत राशि मिले इसके लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी, पालिकाध्यक्ष राजेश्वर देवी, जिलाध्यक्ष भाजपा विरेंद्र वल्दिया, प्रधान जौलजीबी पुष्पा देवी, जिपं सदस्य गंगोत्री दताल, भाजपा जिला महामंत्री बीएल जोशी, महिमन कन्याल, जौलजीबी व्यापार मंडल संरक्षक शकुंतला दताल, अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, स्वामी विरेंद्रानंद, अशोक नबियाल, जिपं सदस्य महेंद्र बुदियाल, लीला बनंग्याल, अनुवाल समुदाय के अध्यक्ष गुमान सिंह बिष्ट, एसपी लोकेश्वर सिंह, डीएफओ विनय कुमार भार्गव, एसडीएम एवं मेलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला मौजूद रहे। मंच का संचालन राजू नेगी एवं लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने किया।
शीघ्र होगा बरम से कनार के लिए सड़क का निर्माण
जौलजीबी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की महत्वपूर्ण बरम से कनार तक सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से अनापत्ति मिल गई है। शीघ्र सड़क का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में अनेक समस्याएं आईं, उसके बाद लोगों को आर्थिक रूप से सहायता प्रदान करने के लिए स्वयं सहायता समूहों के लिए 119 करोड़ का पैकेज घोषित किया गया। पिछला ऋण को माफ करते हुए पांच लाख तक का ऋण शून्य ब्याज पर दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त परिवहन एवं पर्यटन के क्षेत्र में कार्य कर रहे व्यक्तियों को भी आर्थिक सहायता के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज जारी करते हुए उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि जमा की जा रही है। 205 करोड़ रुपये का पैकेज होटल व्यवसाय के क्षेत्र के लिए जारी करने के साथ ही आशा, उपनल कर्मी, ग्राम प्रधानों के हित में निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक एवं सामुदायिक चिकित्सालय में भी अनेक स्वास्थ्य की जांचें मुफ्त में की जा रही है। जौलजीबी मेला 24 नवंबर तक चलेगा।
स्थानीय लोगों की सहमति पर बनाया जाएगा मुनस्यारी नगर पंचायत
जौलजीबी। सीएम धामी ने जौलजीबी में कहा कि स्थानीय लोगों की सहमति पर ही मुनस्यारी को नगर पंचायत बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने चामी से मेतली तक मोटर मार्ग का निर्माण, जौलजीबी में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, जौलजीबी से वनराजि जनजाति बस्ती गानागांव-पचकाना-ढुंगातोली तक सड़क का निर्माण, मवानी-दवानी से माणीधामी मोटर मार्ग निर्माण, बसंतकोट से मुन्नगरधार-उछैती-लीलम तक मोटर मार्ग का निर्माण, सिमगड़ नदी के दाई ओर स्थित घटन (नाचनी) बाढ़ सुरक्षा के लिए तटबंध निर्माण, मुनस्यारी बरारगाड़ के बाई ओर खेत भराड़ गांव में बाढ़ सुरक्षा के लिए तटबंध निर्माण, एलोपैथिक चिकित्सालय तेजम का उच्चीकरण, मल्लधार से मडलकिया तक मोटर मार्ग का निर्माण, बलमरा से बसोरा-सल्याड़ी मोटर मार्ग का निर्माण, नोला पब्लिक स्कूल जुम्मा को अनुदान सूची में शामिल किए जाने, जौलजीबी में बुनकर भवन का निर्माण, एलोपैथिक चिकित्सालय बरम के लिए कार्यवाही करने, स्थानीय लोगों की सहमति पर मुनस्यारी को नगर पंचायत बनाने, ग्राम पंचायत पांगला के स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने सहित अन्य घोषणाएं कीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मन मोहा
जौलजीबी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। उद्घाटन अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। छोलिया नर्तकों एवं रं सांस्कृतिक टीम के साथ ही कनार के ढोल की प्रस्तुति दी गई। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

मंच पर ही नाच उठीं शकुंतला दताल
जौलजीबी। मुख्यमंत्री ने जैसे ही जौलजीबी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की जौलजीबी की वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला दताल मंच पर ही नाच उठीं। शकुंतला पिछले कई वर्षों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग के लिए संघर्ष कर रही थीं। इसके लिए वह जिला मुख्यालय से लेकर देहरादून तक जा चुकी थीं। जौलजीबी मेले के उद्घाटन अवसर पर जब सीएम ने इसकी घोषणा की तो वह नाच उठीं और संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रोककर मंच से धन्यवाद दिया। उन्हें देखकर सीएम सहित कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोग भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed