Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Happy Birthday, Nainital: A 185-Year Journey in the Lap of Nature

हैप्पी बर्थडे नैनीताल : कुदरत के आंचल में 185 वर्षों का सफर

Wed, 18 Nov 2026 12:59 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल Updated Wed, 18 Nov 2026 12:59 AM IST
विज्ञापन
Happy Birthday, Nainital: A 185-Year Journey in the Lap of Nature
नैनीताल। हैप्पी बर्थडे नैनीताल! कुदरत के आंचल में बसी सरोवर नगरी ने 185 वर्षों के सफर में खूबसूरती, विरासत और उपलब्धियों के अनगिनत रंग समेटे हैं। नैनी झील की लहरों से लेकर पहाड़ों की चोटियों तक, शहर की पहचान देश-दुनिया में रोशन हुई है। पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में नैनीताल ने नई ऊंचाइयां छुईं लेकिन इस गौरवशाली सफर के बीच चुनौतियों की परछाइयां भी कम नहीं हुईं। भूस्खलन के खतरे, जाम की दुश्वारियां, पार्किंग का अभाव, पेयजल संकट और कूड़ा प्रबंधन की उलझनें आज भी शहर के माथे पर सवाल बनकर खड़ी हैं। 185वें जन्मदिन पर जरूरत केवल अतीत की उपलब्धियों का उत्सव मनाने की नहीं, बल्कि इस अनमोल प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित भविष्य देने का संकल्प लेने की भी है। संवाद
विज्ञापन

पर्यटन और शिक्षण संस्थानों से बनी पहचान
इतिहासकार प्रो. अजय रावत के अनुसार, नैनीताल ने बीते 185 वर्षों में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। यहां के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने देश को अनेक नामचीन खिलाड़ी, अधिकारी और प्रतिभाएं दी हैं। पर्यटन कारोबार स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बना है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से नैनीताल आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी उपचार का प्रमुख केंद्र बन गया है। शहर में सौंदर्यीकरण, बाजारों के सुधार, सड़कों और संपर्क मार्गों के विकास के साथ संवेदनशील बलियानाला क्षेत्र में उपचार कार्यों से भी सुधार की उम्मीद जगी है।
विज्ञापन

पी. बैरन की नजरों से दुनिया के सामने आया नैनीताल
नैनीताल के इतिहास में वर्ष 1841 एक महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आया। ब्रिटिश व्यापारी पी. बैरन के यहां पहुंचने के बाद इस खूबसूरत पहाड़ी स्थल को व्यापक पहचान मिली। नैनी झील और चारों ओर फैली पर्वत श्रृंखलाओं की प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें खासा आकर्षित किया। इसके बाद नैनीताल धीरे-धीरे अंग्रेजों के पसंदीदा पहाड़ी ठिकानों में शामिल होने लगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

1862 के बाद बना नार्थ वेस्टर्न प्रोविंस की राजधानी
प्रो. रावत के मुताबिक, 1856 में सर हैनरी रैमजे आयुक्त बने और मुख्यालय को अल्मोड़ा से नैनीताल लाए। इसके बाद शहर का प्रशासनिक महत्व बढ़ा। 1862 के बाद नैनीताल नार्थ वेस्टर्न प्रोविंस की राजधानी बना। वर्ष 1875 में मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप पहला मैथोडिस्ट चर्च बनाया गया, जिसके बाद शहर की धार्मिक पहचान भी स्थापित हुई। इसी वर्ष दयानंद सरस्वती ने मुंबई में आर्य समाज की स्थापना की घोषणा की थी।

1900 के बाद पर्यटन के रूप में हुआ विकास
इतिहासकार के अनुसार, 1900 के बाद नैनीताल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने लगा। वर्ष 1905 में यह ईस्टर्न कमांड का मुख्यालय बना। वर्ष 1908 में देवीलॉज में रासायनिक परीक्षण की प्रयोगशाला स्थापित हुई, जो 1913 में सीनियर परीक्षण प्रयोगशाला के रूप में स्टोनले में स्थापित की गई। वहीं, 1980 के दशक में कश्मीर के प्रतिकूल हालात के बाद नैनीताल में पर्यटकों की आवक बढ़ने लगी। इससे पर्यटन कारोबार को नई गति मिली।

भूस्खलन और भू-धंसाव से सुरक्षा की चुनौती
उपलब्धियों के बावजूद नैनीताल की भौगोलिक संवेदनशीलता सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। बलियानाला में उपचार कार्यों के बावजूद कैलाखान और आलूखेत क्षेत्र में खतरा बरकरार है। चीनापीक से गिरते बोल्डर और भूस्खलन की घटनाएं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए चिंता का कारण हैं। टिफिनटॉप के डारथीसीट क्षेत्र में दरारें, चार्टन लॉज और आल्मा कॉटेज क्षेत्र में भूस्खलन तथा राजभवन के पीछे निहाल नाले का कटाव भी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चुनौती हैं।

जाम, पार्किंग और पेयजल की समस्या बरकरार
पर्यटन सीजन में वाहनों का बढ़ता दबाव शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है। पर्याप्त पार्किंग का अभाव, कूड़ा निस्तारण, पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान अब भी जरूरी है। बढ़ते पर्यटन के अनुरूप नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। पुरानी इमारतों और पहाड़ी ढलानों पर बढ़ते दबाव के बीच सुरक्षित एवं नियोजित निर्माण की आवश्यकता भी लगातार महसूस की जा रही है।


उत्सव के साथ शहर को सुरक्षित रखने का संकल्प भी जरूरी
पद्मश्री अनूप साह का कहना है कि नैनीताल का स्थापना दिवस केवल उत्सव और समारोह तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शहर को सुरक्षित रखने, पर्यावरण संरक्षण, यातायात और सफाई व्यवस्था में सुधार तथा नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय लोगों को साझा जिम्मेदारी निभानी होगी। उनके अनुसार, 185 साल पुराने नैनीताल के बेहतर भविष्य की असली नींव शहर की प्राकृतिक विरासत को बचाने और उसकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने में ही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed