हल्द्वानी: पांच दुकानों पर जीएसटी का छापा, 52.50 लाख कर चोरी पकड़ी; मौके पर ही जमा कराया जुर्माना
हल्द्वानी में जीएसटी विभाग की सात टीमों ने शहर के पांच प्रतिष्ठित स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट तथा उनके गोदामों और कारखानों में छापे मारे। मैन्युअल और डिजिटल अभिलेखों की पड़ताल में 10.50 करोड़ के टर्नओवर पर 52.50 लाख की कर चोरी पकड़ी गई।
विस्तार
हल्द्वानी में जीएसटी विभाग की सात टीमों ने शहर के पांच प्रतिष्ठित स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट और उनके गोदामों व कारखानों में छापे मारे। मैन्युअल और डिजिटल अभिलेख की पड़ताल करने पर 10.50 करोड़ के टर्नओवर पर 52.50 लाख की चोरी पकड़ी गई। कारोबारियों से मौके पर ही जुर्माना राशि जमा कराई गई।
हल्द्वानी संभाग के संयुक्त आयुक्त रोशन लाल ने सात टीमों का गठन किया। उपायुक्त रजनीश यश्वस्थी और ज्ञान चंद्र के नेतृत्व में टीमों ने पुलिस के साथ नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड स्थित प्रतिष्ठान और घी व तेल के गोदाम में जांच की। संयुत आयुक्त रोशन लाल ने बताया कि प्रतिष्ठानों से कब्जे में लिए गए अभिलेखों की गहन जांच कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी अधिकारियों ने बताया कि कारोबारी ऑनलाइन भुगतान से मिली राशि को टर्नओवर में नहीं दर्शा रहे हैं।
इसलिए की गई कार्रवाई
पिछले लंबे समय से स्वीट्स और रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े व्यापारियों के ग्राहकों को बिल जारी न करने, बिक्री छुपाने, इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ लेने, टैक्स न चुकाने जैसी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस पर टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई है।
व्यापारियों ने किया कार्रवाई का विरोध
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों ने जीएसटी विभाग के छापा मारने का विरोध किया और इसे उत्पीड़न करार दिया। जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महामंत्री हर्षवर्द्धन पांडे, मनोज जायसवाल, गौरव गुप्ता ने कहा कि इस मामले में जल्द जीएसटी विभाग के अधिकारियों से मिलकर रोष जताया जाएगा।