हल्द्वानी: नाम बदलकर किशोरी से की दोस्ती, फिर छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास; ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज
हल्द्वानी में नाम बदलकर दोस्ती करने, छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। किशोरी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बनभूलपुरा निवासी ई-रिक्शा चालक फैजान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
हल्द्वानी में नाम बदलकर दोस्ती करने और उसके बाद छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। किशोरी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बनभूलपुरा निवासी ई-रिक्शा चालक फैजान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़ित ने बताया कि आरोपी फैजान ने तीन माह पहले उनकी नाबालिग बहन से हिंदू नाम बताकर दोस्ती की थी। इसके बाद परिवार की गैरमौजूदगी में घर आना-जाना शुरू किया। इस दौरान आरोपी ने किशोरी से अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ की। जब उनकी बहन ने इसका विरोध किया तब आरोपी ने पिता को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। आरोप है कि दो अक्तूबर को आरोपी जबरन उनकी बहन को अपने ई-रिक्शा में बैठाकर ले जाने लगा। जब बहन किसी तरह हाथ छुड़ाकर भागी तब आरोपी ने पीछा किया और बरेली रोड स्थित गली में उससे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हंगामा होने पर भीड़ एकत्र हुई तब आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और कार्रवाई हुई।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।