{"_id":"58446ad14f1c1be021a86980","slug":"festival-of-short-films-will","type":"story","status":"publish","title_hn":"लघु फिल्मों का फेस्टिवल कर निर्माताओं को करेंगे प्रोत्साहित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लघु फिल्मों का फेस्टिवल कर निर्माताओं को करेंगे प्रोत्साहित
गिरीश रंजन तिवारी/अमर उजाला ब्यूरो, नैनीताल।
Updated Mon, 05 Dec 2016 12:43 AM IST
विज्ञापन
हेमंत पांडे
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल। उत्तराखंड के उदीयमान फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने के लिए लघु फिल्मों का एक फेस्टिवल आयोजित कर विभिन्न श्रेणियों में बेहतरीन फिल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड की फिल्मों को यहां से सिनेमाघरों में रियायतों के साथ आवश्यक रूप से दिखाए जाने व टैक्स फ्री करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस आशय का प्रस्ताव उत्तराखंड फिल्म बोर्ड ने पारित कर मुख्यमंत्री के अनुमोदन के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
यह कहना है उत्तराखंड फिल्म बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध फिल्म कलाकार हेमंत पांडे का। उन्होंने बताया कि फिलहाल बोर्ड के पास कार्यालय, वित्तीय संसाधन आदि नहीं हैं। थोड़ी सी राशि है, जिसका उपयोग शौकिया या कॉमर्शियल निर्माताओं को फिल्म फेस्टिवल द्वारा प्रोत्साहित करने के लिए किया जाएगा। पांडे ने कहा कि वे बोर्ड का उपयोग निजी स्वार्थ पूर्ति के लिए किसी कीमत पर नहीं होने देंगे और केवल सब्सिडी के लिए आने वाले लोग बोर्ड से दूर ही रहें।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंड से बेहद लगाव है। मुंबई में अपने गमलों में यहां की माटी रखते हैं। बमुश्किल इतने वर्षों में बोर्ड का गठन हुआ है। अब इसे अपने मूल उद्देश्य से भटकने नहीं देना है। पांडे ने कहा कि सोमवार को देहरादून में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में फिल्मों के माध्यम से राज्य की कला, संस्कृति और फिल्मी प्रतिभाओं के विकास संबंधी ठोस निर्णय लिए जाएंगे। पांडे ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म सिटी का निर्माण उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और सरकार द्वारा भूमि की व्यवस्था के बाद इसके विकास के लिए प्रायोजकों की कमी नहीं रहेगी।
विज्ञापन
नैनीताल। हेमंत पांडे ने बताया कि उनकी पहली उत्तराखंडी फिल्म ‘गोपी भिना’ 16 दिसंबर को रिलीज होगी। इसमें वे नायक तथा हिमानी शिवपुरी उनकी पत्नी की भूमिका में हैं। इस फिल्म के निर्देशक फिल्म ‘मेघा आ’ के विलेन अशोक मल्ल और प्रोड्यूसर मीनाक्षी भट्ट हैं। कुमाऊंनी बोली में यह तीन घंटे की फीचर फिल्म है। पांडे ने कहा कि उत्तराखंडी फिल्मों को एक पहचान दिलाने तथा विकसित करने के लिए फिल्म के निर्माता निर्देशक तथा वे उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों में सिनेमाघरों, तहसीलों, स्कूलों आदि में स्वयं फिल्म का प्रदर्शन करवाएंगे। ताकि लोगों में क्षेत्रीय भाषा की फिल्म के प्रति रुचि बढ़े और उत्तराखंड की संस्कृति के नाम पर फूहड़ किस्म के वीडियो गीत बनाने से हटकर भी कुछ सोचा जा सके।
नैनीताल। हेमंत पांडे का कहना है कि फिल्म बोर्ड का उपाध्यक्ष होने के नाते उन्हें लाल बत्ती की पेशकश भी की गई थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था। वे आम आदमी की तरह ही आम जनों के बीच घुल मिलकर काम करने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्टियों ने उन्हें चुनाव प्रत्याशी बनने को टिकट ऑफर किया है, लेकिन वे विधानसभा चुनाव नहीं लडे़ंगे, बल्कि उपाध्यक्ष के नाते मिले दायित्व को ईमानदारी और परिश्रम पूर्वक निभाकर उत्तराखंड को देश के फिल्मी मैप पर स्थापित करने में ही अपनी पूरी ऊर्जा औैर समय लगाएंगे।