हल्द्वानी बाजार से बाहर हुए आठ पटाखा विक्रेता: तीन का लाइसेंस निरस्त, 11 पटाखा कारोबारियों के पास था लाइसेंस
दिवाली पर पटाखों की बिक्री के लिए सख्ती के बाद हल्द्वानी के आठ पटाखा विक्रेताओं ने शहर से बाहर बिक्री स्थल चुना है। तीन कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। शहर में 11 कारोबारियों के पास लाइसेंस थे, अब आठ विक्रेता ही बचे हैं।
विस्तार
दिवाली पर पटाखों की बिक्री के लिए सख्ती के बाद हल्द्वानी के आठ पटाखा विक्रेताओं ने शहर से बाहर बिक्री स्थल चुना है। वहीं, तीन कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है। शहर में पटाखा बिक्री के लिए 11 कारोबारियों के पास लाइसेंस थे। तीन लाइसेंस निरस्त होने के बाद अब आठ विक्रेता ही बिक्री के लिए बचे हैं हालांकि शहर की गलियों और आबादी के बीच नियमों का उल्लंघन करते हुए भी कई लोग पटाखा दुकानों का संचालन कर रहे हैं।
मंगलवार को नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर पटाखों से भरी गाड़ी में अचानक आग लग गई। दिवाली से पहले ही पटाखा विक्रेताओं ने दुकानों के लिए माल भरना शुरू कर दिया है। रिहायशी इलाकों में पटाखा दुकानें संचालित होने को लेकर भी अग्निशमन विभाग सख्त हो गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि आवासीय क्षेत्रों में कोई भी दुकान संचालित होने की सूचना नहीं है। पूर्व में हाईकोर्ट के निर्देश पर आबादी के बीच संचालित सभी पटाखा दुकानों को खाली करा दिया गया था। अगर शहर में पटाखा दुकानों का संचालन मिलता है तो संबंधित व्यापारी पर कार्रवाई की जाएगी।