{"_id":"4d5e2900a7e2ac9204e682975e4d98d7","slug":"woman-s-purse-snatched-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शादी में जा रही महिला का पर्स छीना ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
शादी में जा रही महिला का पर्स छीना
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
Updated Sat, 31 Jan 2015 01:43 AM IST
विज्ञापन
देवर की शादी में जा रही महिला से सरेबाजार दिनदहाड़े दो बदमाशों ने पर्स छीन लिया। पर्स को लेकर महिला और बदमाशों के बीच छीनाझपटी भी हुई, लेकिन बदमाश पर्स लेकर भाग निकले। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला पहले घटनास्थल कालाढूंगी चौराहे की बता रही थी फिर बाद में बेस अस्पताल बताने लगी। इससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
विज्ञापन
बिठौरिया निवासी दीपा बिनवाल शुक्रवार सुबह पीलीकोठी के पास रहने वाले अपने देवर की शादी में जा रही थी। जैसे ही वह पैदल कालाढूंगी चौराहे पर पहुंची तो दो बदमाशों ने उसके हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो उनके बीच छीनाझपटी हो गई लेकिन कुछ ही देर में बदमाश बैग छीनकर पैदल ही भाग निकले। महिला ने इसकी सूचना रोडवेज अड्डे मेें दुकान चलाने वाले अपने पति मोहन बिनवाल को दी।
विज्ञापन
मोहन की सूचना पर पुलिस पहुंची तो महिला ने सारी कहानी बताई। महिला के अनुसार बैग में कानों के झुमके, मंगलसूत्र, मोबाइल और कुछ रुपए थे। हैरानी की बात है कि जिस समय महिला के साथ घटना हुई उस वक्त नैनीताल रोड पर काफी भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में बदमाशों ने बड़ा दुस्साहस किया है। घटना के बाद पुलिस ने शहर भर में तलाशी अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला।
विज्ञापन