रामनगर (नैनीताल)। ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी की पत्नी नंदिनी नेगी ने बीरू हत्याकांड की रिपोर्ट को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। नंदिनी ने कहा कि मात्र एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण संजय को फंसाया जा रहा है। इससे उनके सभी परिजन परेशान हैं जबकि स्वयं नेगी ने बीरू को घटनास्थल से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने पुलिस को निष्पक्ष जांच कर असली हत्यारों को पकड़ने की मांग की। कहा कि यदि बिना साक्ष्य के राजनीतिक दबाव में संजय को जेल भेजने की कोशिश की गई तो वह दो बच्चों के साथ आमरण अनशन को मजबूर होंगी। वहीं हिम्मतपुर में हुई बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों समेत कांग्रेसनेताओं ने भी बीरू की हत्या पर शोक जताया। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष शेखर चंद्र ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख आनंद रावत, कनिष्ठ उपप्रमुख शशि नेगी, जिला पंचायत सदस्य नीमा बेलवाल, सुरजीत सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अब्दुल करीम, ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत जलाल, मालधन अध्यक्ष रमेश पंडित, यूथ कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गोपाल अधिकारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथलाल चौधरी, पीसीसी सदस्य पुष्कर दुर्गापाल, प्रदेश सचिव हेम भट्ट, महावीर रावत, सुमित लोहनी, प्रशांत रावत, इंद्र लाल, संजय रावत, शिल्पेंद्र बंसल, पुष्कर रावत, राहुल कांडपाल, लोकेश पांडेय आदि रहे।