नैनीताल। हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ता के चैंबर नंबर 61 के ऊपर शुक्रवार रात पेड़ की टहनी गिर गई, जिससे चैंबर क्षतिग्रस्त हो गया और वहां रखी फाइलें, अन्य सामान भीगकर खराब हो गया। टहनी गिरने से चैंबर 62 को भी आंशिक क्षति पहुंची है। गनीमत यह रही कि टहनी रात में टूटकर गिरी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
शनिवार सुबह चैंबर के वकील दिनेश गहतोड़ी, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट, पूर्व सांसद एवं बार कौंसिल के वरिष्ठ सदस्य डॉ. महेंद्र पाल ने चैंबर का निरीक्षण किया।
अध्यक्ष बिष्ट ने वन विभाग से चैंबर के पीछे पुराने पेड़ को काटने की मांग की है। इसी पेड़ की एक शाखा कुछ वर्ष पहले भी टूटी थी, जिससे चैंबर नंबर 64 में नुकसान हुआ था और वकील राजेश जोशी जख्मी हो गए थे। वन विभाग की टीम ने शाम को टूटी टहनी को हटाना शुरू कर दिया। संवाद