हल्द्वानी: महिला दरोगा को थप्पड़ मारने के मामले में एसओजी सिपाही पर केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी में महिला दरोगा आरती को कोतवाली में थप्पड़ मारने के मामले में एसओजी सिपाही अनिल गिरी पर प्राथमिकी दर्ज हुई। महिला दरोगा ने 10 अक्तूबर को जान से मारने की धमकी और 11 अक्तूबर को कोतवाली में मारपीट का आरोप लगाया।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती को कोतवाली के अंदर थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एसओजी सिपाही अनिल गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज मामले में महिला दरोगा ने बताया कि 10 अक्तूबर को आरोपी सिपाही ने कॉल कर पति और बच्चों समेत जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने कप्तान से की थी। शिकायत का पता चलने पर 11 अक्तूबर को आरोपी सिपाही ने कोतवाली पहुंचकर उनसे मारपीट की। यहां तक कि लाइसेंसी पिस्टल होने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली के अंदर वर्दी पकड़कर खींचने का आरोप भी महिला दरोगा ने लगाया है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटनास्थल कोतवाली परिसर का बताया गया है, जहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।