{"_id":"58fbb8914f1c1b09038b54cc","slug":"bjp-meeting-in-nainital","type":"story","status":"publish","title_hn":"नैनीताल में भाजपा कार्यसमिति की बैठक ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नैनीताल में भाजपा कार्यसमिति की बैठक
ब्यूरो/अमर उजाला, नैनीताल
Updated Sun, 23 Apr 2017 01:39 AM IST
विज्ञापन
नैनीताल में भाजपा की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल। अक्सर बड़े कार्यक्रमों और बैठकों में अतिथियों को कीमती पुष्प गुच्छ व शॉल आदि भेंट कर स्वागत किया जाता है लेकिन नैनीताल में शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन मौके पर सब कुछ बदला-बदला नजर आया। बैठक के दौरान जहां एक ओर छोलिया नृतकों ने प्रवेश द्वार पर वाद्य यंत्रों की धुन पर लोक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सबका मनोरंजन किया तो दूसरी ओर बैठक में कुमाऊंनी लोक चित्रकला ऐपण भी अतिथियों को भेंट की गई।
विज्ञापन
बैठक स्थल नैनीताल क्लब शैले हाल के प्रवेश द्वार पर करीब दर्जन डेढ़ दर्जन महिला कार्यकर्ता घाघरा-पिछौड़ा ओढ़े हाल के भीतर जाने वाले हर नेता को तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत कर रही थी। इतना ही नहीं रसगुल्ला खिलाकर उनका मुंह भी मीठा किया जा रहा था। इसके अलावा अतिथियों को कुमाऊंनी लोक चित्रकला की प्रमुख विधा ऐपण देकर उनका सम्मान किया जा रहा था।
विज्ञापन
खास बात यह देखने को मिली कि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत पार्टी के जो मंत्री और पदाधिकारी वाहन से नीचे उतर कर कार्यक्रम स्थल को जा रहे थे तो उनका छोलिया नृत्यक विभिन्न करतब दिखाकर स्वागत कर रहे थे। पार्टी के कई पदाधिकारी तो कार्यसमिति स्थल शैले हाल में जाने से पहले एक झलक छोलिया नृतकों के करतबों को जरूर देख रहे थे।
विज्ञापन
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज साह और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल सिंह रावत की मानें तो बैठक से पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर ही यह सब कार्यक्रम आयोजित किए गए जिससे बैठक के बहाने हमारी लोक संस्कृति व कला का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हो सके।
नैनीताल। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि निगमों और निकायों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई निकायों में सामान आदि की खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं। इसकी प्राथमिकता से जांच करवाई जा रही है। जो भी अधिकारी और कर्मचारी दोषी पाया जाएगा उसे दंडित किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में कौशिक ने कहा कि कुत्तों के बधियाकरण की तर्ज पर ही बंदरों के बधियाकरण की कोशिश की जा रही थी लेकिन इस दिशा में हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रयास सकारात्मक नहीं हुए हैं। फिर भी ऐसी योजना बनाई जाएगी जिससे बंदरों का आतंक कम हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि निकायों में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाएगा। ब्यूरो
नैनीताल। पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने स्वीकार किया कि उत्तराखंड की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है लेकिन सरकार पूरी तरह से फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत के कार्यकाल के दौरान की गई घोषणाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रावत ने उत्तराखंड का विकास कम लेकिन घोषणाओं की भरमार कर दी जिसका रिजल्ट विधानसभा चुनाव में देखने को मिल गया।
बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति को बढ़ाने के लिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगानी जरूरी है और इसके लिए त्रिवेंद्र रावत सरकार पूरी तरह से कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो बिना किसी के दबाव में आकर काम करती है। ब्यूरो
नैनीताल। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि सबका साथ सबका विकास नारे को चरितार्थ करना पार्टी की पहली प्राथमिकता है। पार्टी के लिए सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद भी भाजपा को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में स्पष्ट बहुमत मिलना इस बात का प्रमाण है कि लोग पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली के कायल हो चुके हैं।
रावत ने कहा कि वीआईपी कल्चर को खत्म करने के लिए लालबत्ती पर लगाम लगाना जरूरी हो गया था। उन्होंने कहा कि हाल ही में भुवनेश्वर में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय हो गया है कि 10 दिनों के भीतर हर प्रदेश में कार्यसमिति की बैठकें हो जाएगी,उसके बाद जिला बैठकें होंगी।
नैनीताल। कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को विभिन्न संगठनों की ओर से ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान सीएम ने सभी संगठनों के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया गया उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने आशा वर्कर्स को राज्य मद से दो हजार रुपये मासिक मानदेय देने, वार्षिक प्रोत्साहन राशि 5 हजार रुपये का भुगतान अलग से एरियर समेत करने, डाक्टरों की कमी से जूझ रहे अस्पतालों में विशेषज्ञ महिला, बाल रोग व सर्जन की नियुक्ति करने की मांग की। जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन के कुमाऊं मंडल के क्षेत्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने सीएम के साथ ही पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन सौंपा।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने हल्द्वानी के ऑरम पब्लिक स्कूल में छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उत्तराखंड देवभूमि क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय संयोजक केएल आर्य ने उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण में बनाने, पर्वतीय क्षेत्र के हर ब्लाक में सिडकुल की तर्ज पर छोटे-छोटे लघु उद्योग खोलने की मांग की ताकि पलायन पर रोक लग सके।