पिथौरागढ़। बेटी के प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी देने वाले पिता को पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पिथौरागढ़ जिला के दौला निवासी जयंत नगरकोटी की पढ़ाई नोएडा से हुई थी। पढ़ाई के दौरान उनका एक युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था। लड़की का पिता लड़के का घर देखने पिथौरागढ़ आया था, लेकिन उसे घर पसंद नहीं आया था। इसके बाद लड़की के पिता ने शादी कराने से मना कर दिया था, लेकिन लड़की शादी की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद लड़की के पिता ने नितिन कुमार पोसवाल को पांच लाख की सुपारी देकर जंयत को रास्ते से हटाने के लिए कहा। नितिन ने ढाई लाख रुपये में सज्जन कुमार और अंकित पांडेय निवासी कलाफरपुर मुआरगंज थाना से डील की थी। जयंत को मारने के लिए सज्जन तीन बार पिथौरागढ़ आया लेकिन हर प्रयास में नाकाम रहा। 19 नवंबर को सज्जन ने जयंत को फिर मारने की कोशिश की लेकिन फायर मिस होने पर जयंत ने उससे तमंचा छीन लिया था। पुलिस ने एक दिन पहले इस मामले में सज्जन और नितिन कुमार पोसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि पुलिस मुख्य साजिशकर्ता लड़की के पिता को गुरुग्राम से गिरफ्तार करने के बाद पिथौरागढ़ लेकर आई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।