{"_id":"56ec513d4f1c1bca3b8b4d05","slug":"accused-of-rigging-the-tender-process","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिपं में हंगामा काट रहे व्यक्ति को बनाया बंधक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिपं में हंगामा काट रहे व्यक्ति को बनाया बंधक
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, नैनीताल
Updated Sat, 19 Mar 2016 12:39 AM IST
विज्ञापन
निविदा प्रक्रिया में धांधली का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। जिला पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को हाट बाजार की नीलामी प्रक्रिया के दौरान एक व्यक्ति ने जिपं के अधिकारियों और कर्मचारियों पर निविदा प्रक्रिया में धांधली बरतने का आरोप लगाते हुए न केवल हंगामा काटा, बल्कि कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए कार्यालय के दस्तावेजों को उलट दिया। गुस्साए कर्मचारियों ने हंगामा काट रहे व्यक्ति को पकड़कर लगभग आधा घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाए रखा।
विज्ञापन
इससे पहले कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई होती हंगामा काट रहा व्यक्ति वहां से निकल गया। जिला पंचायत अध्यक्ष और अपर मुख्य अधिकारी ने तल्लीताल पुलिस को और कर्मियों ने एसएसपी से लिखित शिकायत कर हंगामा काटने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को जिला पंचायत में हाट बाजार की नीलामी होनी थी।
विज्ञापन
बताया जाता है कि सुबह 11 बजे के करीब हिम्मतपुर तल्ला हरिपुर नायक हल्द्वानी निवासी राकेश भट्ट ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचते ही निविदा प्रक्रिया में धांधली बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान भट्ट ने निरीक्षक पंकज रावत और अपर मुख्य अधिकारी हिमानी जोशी पेटवाल समेत अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और दफ्तर की फाइलों को पलट दिया।
विज्ञापन
लगभग आधा घंटे तक कमरे में बंधक रहने के बाद आरोपी युवक जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद और जिला पंचायत सदस्य डा. हरीश बिष्ट के साथ कार्यालय से निकल गया। मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष, अपर मुख्य अधिकारी समेत दर्जनों कर्मियों ने तल्लीताल पुलिस को तहरीर देकर राकेश भट्ट निवासी हिम्मतपुर तल्ला हरिपुर नायक हल्द्वानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं उत्तराखंड जिला पंचायत अधिकारी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह बिष्ट ने एसएसपी को पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कार्रवाई न होने पर बेमियादी हड़ताल पर जाने की धमकी दी। इधर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट व महामंत्री जगमोहन रौतेला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपर मुख्य अधिकारी हिमानी जोशी पेटवाल ने बताया कि निविदा प्रक्रिया अब बाद में पूरी की जाएगी।
नैनीताल। जिला पंचायत परिसर में हुए हंगामे के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तल्लीताल के थानाध्यक्ष के लिए बनाए गए शिकायती पत्र को लेकर जब कर्मचारी जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद के पास पहुंचे तो उन्होंने खुद के जनप्रतिनिधि होने का हवाला देते हुए शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया। इससे कर्मचारी भड़क गए और उन्होंने अध्यक्ष को कार्य बहिष्कार करने की धमकी दे दी। इसके बाद अध्यक्ष ने शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर किए।