हल्द्वानी: पांचवीं के छात्र ने पहली कक्षा की बच्ची से की छेड़छाड़, मोबाइल में देखी थी अश्लील सामग्री
मुखानी कोतवाली क्षेत्र में 10 नवंबर को पांचवीं कक्षा के एक किशोर ने पड़ोस में रहने वाली पहली कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। मामला तब खुला जब परिजनों ने दोनों को देख लिया। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के मुखानी कोतवाली क्षेत्र में कक्षा एक की छात्रा से अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ के मामले में मोबाइल और उसमें अश्लील सामग्री देखे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद ही पांचवीं के छात्र ने बच्ची से छेड़छाड़ की। हालांकि आरोपी किशोर को पुलिस पहले ही बाल संप्रेक्षण गृह भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर कक्षा पांच का छात्र है। 10 नवंबर को उसने पड़ोस में ही रहने वाली कक्षा एक की छात्रा से छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें की थीं। जब दोनों को परिजनों ने देखा तब मामला खुला। छात्रा के परिजनों ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। पुलिस के अनुसार यह अंदेशा है कि किशोर ने पहले मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो देखी और फिर बच्ची से छेड़छाड़ की। हालांकि अभी मामले की जांच चल रही है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले की जांच महिला दरोगा कर रही हैं। आरोपी किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है।
पूर्व में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
कुछ समय पहले कोतवाली हल्द्वानी के टीपी नगर इलाके में भी इस तरह का मामला सामने आया था। एक किशोर को मोबाइल में अश्लील वीडियो देखने की लत थी। वीडियो देखने के बाद उसने अपने ही पड़ोस में रहने वाले दूसरे किशोर से अश्लील हरकतें की और उसकी वीडियो भी रिकॉर्ड की। जांच में सामने आया था बच्चा अधिकतर घर पर अकेला रहता था और परिजनों के मोबाइल का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने जब्त किए मोबाइल और लैपटॉप की जांच की तब उसमें आपत्तिजनक वीडियो भी मिली थीं।
