जहां पसरा था सन्नाटा, वहां नजर आया विजयी माहौल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल हाईकोर्ट से आए राष्ट्रपति शासन समाप्त करने के आदेश ने बीजापुर स्थित मुख्यमंत्री हरीश रावत के आवास की फिजा भी पल भर में बदल डाली। कुछ देर पहले जहां कमोबेश सन्नाटा पसरा था, देखते ही देखते वहां विजयी माहौल नजर आने लगा।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बीजापुर गेस्ट हाउस स्थित आवास के एक कक्ष में मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों और कांग्रेस पीडीएफ के विधायकों के साथ गुफ्तगू की। बाहर हरीश समर्थक आए और बीजापुर गेस्ट हाउस में अचानक चहलकदमी बढ़ने लगी। साढ़े तीन बजे के आसपास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, विधायक हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक हरीश धामी, कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा ने समर्थकों के साथ आकर गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी।
कुछ देर बाद मुख्यमंत्री के बेटे एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव आनंद रावत विजयी मुस्कान वाले अंदाज में अंदर से हाल में आए और समर्थकों का अभिवादन किया। करीब साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने सहयोगी मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक से हाल में आए और सभा कक्ष में पत्रकारों से वार्ता की। जबकि, समर्थको ने दूसरे कमरे में टीवी चैनलों पर मुख्यमंत्री हरीश रावत की पत्रकारों से वार्ता का लाइव और प्रदेश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम का प्रसारण देखकर आगे की संभावनाओं पर चर्चा की।
समर्थकों ने आतिशबाजी की और झूमने लगे
बीजापुर गेस्ट हाउस के बाहर भी कई समर्थकों ने आतिशबाजी की और कुछ समर्थक नाचने झूमने लगे। तभी सीएम हरीश रावत बाहर आए तो कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने पुष्प गुच्छ देकर उन्हें बधाई दी। पीडीएफ कोटे से मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, दिनेश धनै और अन्य मंत्री विधायकों के साथ सीएम रावत राजभवन पहुंचे।
राज्यपाल से मिलने के बाद फिर बीजापुर गेस्ट हाउस आए। राजभवन के बाहर और बीजापुर गेस्ट हाउस के बाहर भी समर्थकों ने सीएम रावत का अभिनंदन किया। बाद में सीएम ने फिर अपने सहयोगियों के साथ गोपनीय बैठक की। रात तक बीजापुर गेस्ट हाउस के बाहर समर्थक खुशी में झूमते रहे।
भाजपा मुख्यालय में सन्नाटा
हाईकोर्ट के आदेश से बदले सियासी हालात के बाद बलबीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में सन्नाटा पसरा नजर आया। शाम के वक्त वहां कोई खास हलचल नजर नहीं आई। वहीं, परेड ग्राउंड स्थित महानगर भाजपा कार्यालय पर कोई कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहे थे।