वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के निर्देश पर हरकत में आए आबकारी विभाग ने सनेह तल्ली में खुली नई अंग्रेजी शराब की दुकान पर ताला डाल दिया है। दुकान बंद होने से आंदोलनकारी महिलाओं ने इसे मातृशक्ति के आंदोलन की जीत बताया। कहा कि अभी दुकान के विधिवत बंद होने की जानकारी उन्हें नहीं मिली है, जिसके कारण अभी धरनास्थल पर डटी रहेंगी।
क्षेत्रीय विधायक और वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के सख्त रवैये को देखते हुए पौड़ी जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने बुधवार से शराब की दुकान पर ताला डलवा दिया है। आंदोलन की अगुवाई कर रही अंजू पुंडीर और महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत समेत सभी महिलाओं ने कहा कि कि दुकान पर ताला पड़ने के बावजूद महिलाओं ने बुधवार को पूरे समय धरना दिया। अभी आबकारी विभाग की ओर से उन्हें कोई लिखित पत्र नहीं दिया गया है। महिलाएं ठेका हटने के बाद ही धरना समाप्त करेंगी। कोटद्वार के आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर शराब की दुकान को बंद कर दिया गया है। बुधवार को धरने पर बैठने वालों में रेनू कोटियाल, बीना कोटियाल, सतेश्वरी देवी और पूर्व प्रधान गमली देवी समेत पूरे क्षेत्र के महिला संगठनों, कीर्तन मंडलियों, महिला मंगल दलों से जुड़ी महिलाएं रहीं।