लैंसडौन तहसील के अंतर्गत पीएमजीएसवाई की निर्माणाधीन टोलबार-मोहरा सड़क पर आरसीसी के माइनर ब्रिज का स्लैप गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस और विभागीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पटवारी सर्किल सीला-1 के राजस्व उपनिरीक्षक उमेश शर्मा ने बताया कि पीएमजीएसवाई से स्वीकृत टोलबार-मोहरा मोटर मार्ग का निर्माण नेशनल प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनपीसीसी) करवा रही है। मंगलवार शाम को सात बजे मजदूर मोहरा और नौगांव की सरहद पर इस मार्ग के किमी पांच पर जला गदेरा में आरसीसी माइनर ब्रिज की शटरिंग के बाद स्लैप डाल रहे थे। इसी दौरान लगातार बाइब्रेटर चलाने से ब्रिज का स्लैप गिर गया, जिससे निर्माण कार्य में लगे बिहार मूल के चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। एनपीसीसी के एई शुभम जैन और ग्रामीणों ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल मजदूर जाहिद आलम (45) पुत्र जैतरूद्दीन निवासी ग्राम कलकली जिला किसनगंज बिहार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों में अशरफ आलम (32), शाहिद मुल्ला (28), ढ़डू (28) सभी निवासी जिला किसनगंज बिहार निवासी हैं। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।