कोटद्वार से कालागढ़ होते हुए रामनगर के लिए कंडी मार्ग पर जीएमओयू की बसों का संचालन शुक्रवार से शुरू हो गया है। विधायक व वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने बस सेवा का शुभारंभ किया। कहा कि बस सेवा शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर मार्ग पर दो साल से बंद पड़ी जीएमओयू की बस सेवा आखिरकार शुक्रवार को शुरू हो गई। वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने जीएमओयू मुख्यालय पहुंचकर बस को हरी झंडी दिखाई। वन मंत्री ने कंपनी को तीसरी बस सेवा भी शुरू कराने का भरोसा दिलाया। कहा कि बस सेवा शुरू होने से गढ़वाल कुमाऊं के लोगों को राज्य की सीमा के भीतर से ही आवाजाही का सुगम विकल्प मिल गया है। बस संचालन की अनुमति न मिलने से लोगों को यूपी होते हुए काफी लंबे फेर से आवाजाही करनी पड़ रही थी। जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने वन मंत्री को पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा, जिसमें कोटद्वार मैदावन-लोहाचौड़-दुर्गादेवी होते हुए रामनगर के लिए भी बस सेवा संचालन की अनुमति देने, कालागढ़-रामनगर बस सेवा का संचालन पूरे साल चलाने की अनुमति देने की मांग की गई। इस मौके पर कुंवर सिंह रावत, नरेंद्र भंडारी, भास्करानंद भारद्वाज, नरेंद्र सिंह नेगी, विपिन चंद, जीएमओयू की महाप्रबंधक उषा सजवाण, सचिव विजयपाल सिंह नेगी और ओएसडी विनोद रावत मौजूद रहे।