सर्दियों के सीजन में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिल सका है। जिसे लेकर किसान चिंतित है। किसानों की समस्या को देखते हुए विधायक स्वामी यतीश्वनानंद ने देहरादून पहुंचकर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा जारी कराने की मांग उठाई।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में हरिद्वार में ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ था। जिसमें हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बहादरपुर जट, कटारपुर, रानीमाजरा, चांदपुर, धनपुरा, फेरुपुर, बिशनपुर कुंडी, पुरानी कुंडी, शाहपुर, बादशाहपुर, नसीरपुर कलां, जियापोता, मिस्सरपुर, पंजनहेडी, किशनपुर, सराय, गाढ़ोवाली, जमालपुर, इब्राहिमपुर आदि गांवों में फसलों को भारी पहुंचा था। राजस्व विभाग ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट शासन को सौंप दी थी। नुकसान को हुए 6 महीने गुजर चुके हैं, लेकिन आज तक मुआवजा जारी नहीं हो सका है। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि कृषि मंत्री सुबोध उनियाल को दोबारा से ज्ञापन देकर किसानों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मुआवजा जारी नहीं हुआ तो विधानसभा सत्र में प्रमुखता से मुद्दे को उठाएंगे।