हरिद्वार: पर्यटकों के लिए खुले राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट, चीला व मोतीचूर रेंज में कर सकेंगे जंगल सफारी
चीला, मोतीचूर, रानीपुर और चिल्लावाली-मोहंड रेंज में सफारी शुरू होने के साथ ही पर्यटकों का इंतजार खत्म हो गया है। पार्क प्रशासन की ओर से सफारी मार्गों की मरम्मत, रास्तों को दुरुस्त करने और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
विस्तार
राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल के गेट एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। चीला, मोतीचूर, रानीपुर और चिल्लावाली-मोहंड रेंज में नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। हरिद्वार की चीला रेंज में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सफारी गेट का उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के चेयरमैन राजीव शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद सफारी सत्र का शुभारंभ किया और कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग की व्यवस्था
पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्क प्रशासन की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई है। गेट खुलते ही पहले दिन बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंचे।
हर साल मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राजाजी टाइगर रिजर्व की प्रमुख पर्यटक रेंजों को बंद कर दिया जाता है। करीब पांच महीने की बंदी के बाद 15 नवंबर से नए पर्यटन सत्र का आगाज हो गया है।
