जगह-जगह पाइप लाइनें लीकेज होने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर पाइप लाइनों के लीकेज होने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन पाइप लाइनें ठीक नहीं कराई जा रही है। जबकि शहर में आए दिन पानी का संकट गहराया रहता है।
सोमवार को शहर महासचिव दीपक टंडन के नेतृत्व में जल संस्थान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। दीपक टंडन ने कहा कि एक तरफ व्यापारी मंदी की मार झेल रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर जल संस्थान की लापरवाही से दुकानों के आगे पानी जमा हो रहा है। इससे ग्राहक दुकान पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। त्योहारों को देखते हुए कई बार जल निगम के अधिकारियों व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को अवगत कराने के बावजूद कोई अधिकारी व्यापारियों के सुध लेने को तैयार नहीं है। मुख्य बाजारोें की सड़कों पर जगह-जगह पाइप लाइनें लीकेज हो रही हैं, लेकिन जल संस्थान के अधिकारी जनता की समस्याओं को हल नहीं कर पा रहे हैं। दीपक टंडन ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही इस संदर्भ में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो जल संस्थान के कार्यालय पर तालाबंदी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेसी नेता विशाल राठौर ने कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में जल संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी पूरी तरह से फेल हो रहे हैं। जगह-जगह पाइप लाइनें लीकेज हैं। इन लाइनों के लीकेज होने से लाखों लीटर पानी की आए दिन बर्बादी हो रही है। उन्होंने कहा कि एक ओ जहां बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रही है, वहीं दूसरी ओर कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां लोग बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। इस अवसर पर विरोध प्रदर्शन करने वालों में बाबूराम शर्मा, आनंद त्रिपाठी, दिनेश कुमार, महेश यादव, मनोज यादव, मोनू, अंकित जोशी, मनीष वर्मा, राजकुमार, आशु शर्मा, सुमित उपाध्याय, पवन शर्मा, मयंक, अंकित गुलाटी, अनिल आदि शामिल रहे।