बसपा नेताओं को भारी पड़ा भाजपा का प्रेम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 16 दिसंबर को हुए चुनाव में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राय के विपरीत भाजपा के प्रत्याशी सुभाष वर्मा को वोट देने के आरोपों से घिरे बसपा के पांच जिला पंचायत सदस्यों पर आखिरकार गाज गिर ही गई। पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर स्थानीय इकाई के नेताओं ने खड़जा कुतुबपुर के जिला पंचायत सदस्य चौधरी बिजेंद्र सिंह, बहादराबाद की सदस्या मोनिका चौहान, सराय की सदस्य लतीफन, एकल बुजुर्ग की सदस्य गुलजान अदनान और कुरड़ी क्षेत्र की सदस्य शारदा रानी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शीशपाल ने बताया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश शासन ने अनियमितता के आरोप में सविता चौधरी को जिला पंचायत अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया था। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए दोबारा चुनाव कराया गया था। चुनाव में भाजपा के सुभाष वर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। 45 सदस्यों के बोर्ड में भाजपा के पास केवल सात सदस्य थे। इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी सुभाष वर्मा 25 मत लेकर अध्यक्ष चुने गए। उसके बाद यह चर्चा आम है कि बसपा और कांग्रेस के सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा को कुर्सी सौंपी है।
जबकि बसपा और कांग्रेस भाजपा के खिलाफ बनाए हुए महागठबंधन में शामिल थी, जिसके प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह को 20 वोट मिले थे। पहले दिन से ही बसपा हाईकमान इस मामले की जांच करने की बात कह रहा था, पिछले दिनों पांच सदस्यों को कारण बताओ नोटिस दिए गए थे। उनके जवाब से असंतुष्ट पार्टी हाईकमान ने इन पांचों सदस्यों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शीशपाल ने बताया कि कुछ और सदस्यों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है, जिसकी जांच जारी है। यदि प्रमाण मिले तो उनके खिलाफ भी इस तरह की कार्रवाई होगी।
मुर्करम, भागमल और जयंत पर भी होगी कार्रवाई
हरिद्वार। जो पांच जिला पंचायत सदस्य बसपा ने निष्कासित किए हैं। उनमें लतीफन बेगम हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके मुर्करम अंसारी की मां हैं। कुरड़ी की सदस्य झबरेड़ा सीट से चुनाव लड़ रहे भागमल सिंह की पत्नी हैं और बहादराबाद जिला पंचायत सदस्य मोनिका चौहान पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयंत चौहान की पत्नी हैं। जयंत चौहान रानीपुर सीट से विधानसभा के टिकट के लिए दावेदारी कर चुके हैं।
इनके परिवार के सदस्यों को निष्कासित किए जाने के बाद इन तीनों नेताओं के बारे में भी पार्टी हाईकमान जल्द निर्णय लेने की बात कह रहा है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शीशपाल ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेज दी गई है, वहां से निर्देश मिलने पर कार्रवाई होगी।
कांग्रेस ने भी बैठाई जांच
हरिद्वार। भाजपा केा जिला पंचायत की कुर्सी तोहफे में देने के मामले में कांग्रेस के कई जिला पंचायत सदस्यों के क्रॉस वोटिंग करने की चर्चा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि पार्टी ने जांच समिति का गठन किया है। अगर क्रॉस वोटिंग में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है।