चुनाव आयोग ने हरिद्वार जिले के सभी बैंकट हॉल से मांगा ब्योरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव आयोग की नजर जिलेभर के वेडिंग रैली और अन्य समारोह स्थल पर भी लगी है। कहीं प्रत्याशी और उनके समर्थक उत्सव या भोज के नाम पर मतदाताओं को न रिझा लें। इसलिए 11 अप्रैल तक होने वाले सभी आयोजनों पर बारीक नजर रखी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर अपने अपने क्षेत्रों में स्थित वेडिंग प्वाइंट और अन्य समारोह स्थलों में 11 अप्रैल तक होने वाले सभी कार्यक्रमों की बुकिंग की सूची जुटाने को कहा है। साथ ही उन्हें यह भी निर्देश दिए गए हैं कि समारोह स्थल पर पहुंचकर इस बात की भी जांच करें कि यह कार्यक्रम राजनीति से प्रेरित तो नहीं हैं। कहीं प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से भोज देकर मतदाताओं को रिझान का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने इसके साथ ही वित्तीय खर्च और सड़कों पर निगरानी करने वाली टीमों के प्रभारियों को और ज्यादा मुस्तैदी से काम करने के भी निर्देश दिए हैं।
अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी और नकारात्मक प्रचार करने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। जातीय, धार्मिक और व्यक्तिगत आधार पर की जाने वाली टिप्पणियों से सोशल मीडिया की साइटें अटी पड़ी है। इस पर चुनाव आयोग ने पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा है। नोडल अधिकारी मनोज श्रीवास्तव की ओर से एसपी क्राइम को पत्र लिखकर कहा गया है कि सोशल मीडिया में चल रहे प्रचार पर भारी नजर रखें और जो भी पोस्ट चुनाव आयोग नियमों का उल्लंघन करने वाली पाई जाए, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।