सील हुआ उत्तराखंड सरकार के बागी मंत्री हरक का ऑफिस
उत्तराखंड मुख्यमंत्री हरीश रावत रविवार शाम लगभग पांच बजे संसदीय कार्यमंत्री इंदिरा हृदयेश के साथ राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल से मिले।
उन्होंने राज्यपाल के समक्ष मौजूदा घटनाक्रम का ब्योरा नए सिरे से रखा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सचिवालय में अधिकारियों की बैठक की और विधानसभा पहुंचकर हरक सिंह रावत के दफ्तर का मुआयना कर उसे सील कराया।
रविवार को दिनभर चली सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री हरीश रावत व संसदीय कार्यमंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने शाम को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। हालांकि मुलाकात पहले से प्रस्तावित नहीं थी, इसलिए राजभवन से कोई विज्ञप्ति भी जारी नहीं हुई।
हरक सिंह रावत के कार्यालय का निरीक्षण किया
करीब पंद्रह मिनट राज्यपाल के साथ मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री व संसदीय कार्यमंत्री विधानसभा पहुंचे और बर्खास्त मंत्री हरक सिंह रावत के कार्यालय का निरीक्षण किया। वहां पर रखी पत्रावलियों का बारीकी से अवलोकन करने के बाद कार्यालय को सील करा दिया गया।
सूत्रों की माने तो सरकार यह देखना चाहती थी कि मंत्री हरक सिंह के कक्ष में विभिन्न कार्यों की फाइलें कितने दिन से रुकी पड़ी है और क्यों रोकी गई है?
क्या कोई तात्कालिक महत्व वाली फाइलें भी हैं, इसीलिए सुबह मुख्यमंत्री ने स्वयं ही छापामारी की। इसके बाद मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे और मुख्य सचिव समेत तमाम आला अफसरों के साथ मंत्रणा की।