चंपावत: बिना वीजा भारत में प्रवेश कर रहे दो विदेशी नागरिक पकड़े, नेपाली बाइक चालक भी गिरफ्तार
बनबसा में एसएसबी ने नेपाल से अवैध रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे जाम्बिया के दो नागरिकों को पकड़ा है। उन्हें बाइक से सीमा पार कराने वाले नेपाली चालक को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ इमिग्रेशन और विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
चंपावत जिले के बनबसा में एसएसबी 57 वीं वाहिनी ने नेपाल से बिना वीजा भारत में प्रवेश कर रहे दो नागरिकों को पकड़ा है। उन्हें बाइक पर अवैध मार्ग से भारत प्रवेश कराने के जुर्म में सवारी ढोने वाले नेपाली बाइक चालक को भी दबोचा गया है। पकड़े गए विदेशी नागरिकों और नेपाली बाइक चालक से सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्रों ने सघन पूछताछ की। जिसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी 57 वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि बीती देर सायं एसएसबी 57 वीं वाहिनी के जवानों ने धनुषपुल स्थित एसएसबी चौकी के अंतर्गत गढ़ीगोठ सीमा पर एक बाइक पर दो विदेशी नागरिकों को देख रोका गया। बाइक नेपाली नागरिक चला रहा था। बाइक में सवार दोनों सवार विदेशी लग रहे थे। पूछताछ में विदेशी नागरिकों ने अपने को जाम्बिया (गाम्बिया) निवासी बताया। उनके पास भारत प्रवेश का वीजा और अन्य वैध दस्तावेज नहीं थे। एसएसबी ने नेपाली बाइक चालक समेत दोनों विदेशी नागरिकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष विनय मित्तल ने बताया कि जाम्बिया निवासी बुकर सिलाह (41) और लामिन केरा (38) और नेपाल के महेंद्रनगर निवासी बाइक चालक प्रेम बहादुर भंडारी (44) पर धारा 3 (2) 21 एवं 20 (1), इमिग्रेशन और विदेशी अधिनियम 2025 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
बनबसा की केवल वैधानिक मार्ग
उत्तराखंड में थर्डकंट्री (भारत नेपाल छोड़) के नागरिकों के भारत नेपाल आवागमन के लिए राज्य में केवल बनबसा ही एकमात्र वैधानिक मार्ग है। जिसके लिए राज्य में केवल एकमात्र इमिग्रेशन चेकपोस्ट बनबसा में स्थापित है। इस मार्ग को छोड़ राज्य में अन्य मार्ग से भारत प्रवेश पर पूर्णतया रोक है। नेपाली बाइक पर सवारी ढोने वाला बाइक चालक नेपाली नागरिक उन्हें चोरी से गढ़ीगोठ मार्ग से भारत प्रवेश कराने ला रहा था। लेकिन एसएसबी की सतर्कता से दो विदेशी नागरिक दबोच लिए गए। वहीं उन्हें चोरी से भारत प्रवेश कराने के जुर्म में नेपाली नागरिक पर भी कार्रवाई की गई है।
अवैध रूप से ढो रहे सवारी
बनबसा से नेपाल के बीच लंबे समय से बाइक पर सवारी ढोने का काम किया जा रहा है। जिसमें भारतीय बाइक चालकों के अलावा नेपाली नागरिक भी बाइक पर सवारी ढोने का काम कर रहे हैं। बनबसा में कुछ बाइक चालकों ने परिवहन विभाग से सवारी ढोने का परमिट लिया है। लेकिन अधिकांश बाइक चालक अवैध रूप से दोनों देशों के बीच सवारी ढोने के काम में लगे हैं। भारत नेपाल की संवेदनशील सीमा पर बाइक पर सवारी ढोने का काम कभी भी सुरक्षा के लिए घातक हो सकता है।