हल्द्वानी: तीन करोड़ से बनेगा नगर निगम का नया भवन, बेसमेंट होगा तैयार; पार्किंग की भी मिलेगी सुविधा
हल्द्वानी नगर निगम की नई बिल्डिंग निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद 3.03 करोड़ रुपये की डीपीआर व डिजाइन शहरी विकास विभाग को भेजी जा रही है।
विस्तार
हल्द्वानी नगर निगम के नई बिल्डिंग बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद 3.03 करोड़ की डीपीआर और डिजाइन तैयार कर शहरी विकास को भेजी जा रही है। नगर निगम भवन के पीछे खाली पड़ी करीब पांच हजार वर्ग फीट भूमि पर तीन मंजिल भवन बनाया जाएगा। इसमें बेसमेंट में पार्किंग, भूतल पर दुकानें और प्रथम व द्वितीय तल पर मीटिंग हॉल प्रस्तावित है। भविष्य में भवन बनकर तैयार होने के बाद इसे पुराने भवन से कनेक्ट कर अधिक जगह का उपयोग किया जाएगा।
पुराने भवन को भी है मरम्मत की जरूरत
नगर निगम भवन के पुराने भवन को भी अभी मरम्मत की जरूरत है। भवन निर्माण के 10 साल बाद भी लिफ्ट नहीं लगाई जा सकी है जबकि इसका प्रस्ताव पास हो चुका है। कक्षों में फर्नीचर का अभाव है। कर जैसे अनुभागों का कामकाज बेसमेंट में कराया जा रहा है। पूर्व में रखरखाव न होने से कर अनुभाग के रिकार्ड में दीमक लग गई थी।
निगम कार्यालय के पीछे खाली पड़ी जमीन का उपयोग किया जाना है, निगम की आय और शहरवासियों की सुविधा के मद्देनजर भवन बनाया जाएगा ताकि आने वाले समय में निगम के पास पर्याप्त स्थान हो।
-परितोष वर्मा, नगर आयुक्त