लोहाघाट (चंपावत)। प्राथमिक शिक्षक संघ की बाराकोट शाखा विगत अप्रैल माह में दिवंगत हुए शिक्षा मित्र जमन सिंह के परिवार के लिए मददगार बना है। शिक्षक दिवस पर शिक्षा मित्र की पत्नी गंगा देवी को 83100 रुपये का चेक दिया। बीआरसी में उप शिक्षाधिकारी भानु प्रताप की अध्यक्षता और ब्लाक मंत्री रमेश जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में शिक्षा मित्र जमन की पत्नी गंगा को चेक दिया गया। प्राथमिक विद्यालय बरूड़ी में तैनात शिक्षा मित्र जमन सिंह की अप्रैल माह में मौत हो गई थी। संघ ने शिक्षा मित्र के परिवार की कमजोर माली हालत के चलते मदद का बीड़ा उठाकर यह राशि एकत्र की। इस मौके पर बीईओ रमेश राम, संघ की ब्लाक अध्यक्ष डॉ. योगेश चतुर्वेदी, मंत्री रमेश जोशी, प्रकाश गड़कोटी, कोषाध्यक्ष रमेश जोशी, महेश पांडेय, रामप्रसाद, कैलाशनाथ, सुंदर सिंह, धीरज कुमार आदि मौजूद थे। संवाद