चंपावत/लोहाघाट। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह एकाएक हुई तेज बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से आंशिक राहत मिली। करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार वर्षा के कारण नाले उफान पर आ गए। लंबे समय बाद हुई यह वर्षा किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। गर्मी के कारण किसानों की ओर से बोई गई शिमला मिर्च, बैगन, गोभी, हरी मिर्च, टमाटर, मक्का, मडुवा आदि की फसलें पानी की कमी के कारण दम तोड़ रही थी। वर्षा के कारण किसानों ने राहत की सांस ली है। एडीओ उद्यान भूपेंद्र प्रकाश जोशी का कहना है कि यह वर्षा किसानों के लिए काफी लाभदायक हुई है। वर्षा से जहां खेतों में नमी आ जाएगी, वहीं पेड़ पौधों की बढ़वार तेजी से होगी। एडीओ जोशी ने किसानों को सुझाव दिया है कि जिन किसानों ने सब्जी पौध की नर्सरियां खेतों में नहीं फैलाई हैं, वह खेतों में पौधों की नर्सरियां फैला सकते हैं। खेतों में नमी होने के कारण उनका जमाव शीघ्र हो जाएगा। जिन किसानों ने पूर्व में सब्जी आदि पौध लगाए हैं उनकी निराई गुड़ाई कर लें।