लोहाघाट (चंपावत)। स्टेशन बाजार से पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामरीकरण और अधूरी छोड़ी गई नालियों से परेशान व्यापारी, राहगीर और आम नागरिक नाराज हैं। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में एकजुट व्यापारियों ने रविवार को विरोध, प्रदर्शन किया। लोगों ने एनएच के ईई को ज्ञापन भेज अधूरे छोड़े गए डामरीकरण को पूरा कर नाली निर्माण कार्य सोमवार से शुरू करने की मांग की है। ऐसा न होने पर मंगलवार से आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
व्यापारियों ने कहा कि अधूरे काम से स्टेशन बाजार और पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक सड़क खराब हो चुकी है। विधायक खुशाल सिंह ने एनएच के अधिकारियों को फोन कर डामरीकरण का अधूरा काम जल्द पूरा करवाने के लिए कहा। एनएच खंड लोहाघाट के ईई सुनील कुमार ने बताया कि सड़क के किनारे प्राइम कोट हो गया है। डामर आने के बाद जल्द डामरीकरण शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में विवेक ओली, दीपक जोशी, रोहित विश्वकर्मा, श्याम गिरी, सोनू मुरारी, सुंदर गिरी, पूरन सिंह ढेक, देव जजरिया, गणेश सिंह, प्रताप सिंह अधिकारी आदि थे। संवाद