बनबसा (चंपावत)। बनबसा पुलिस ने चार तस्करों को बड़ी मात्रा में आतिशबाजी के सामान और बीड़ी के साथ पकड़ा। पुलिस ने तस्करों को पकड़े गए सामान के साथ कस्टम के सुपुर्द कर दिया। कस्टम ने सामान जब्त कर लिया। तस्करों के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बाद छोड़ दिया। आरोपियों खिलाफ कस्टम अधिनियम में मुकदमा चलेगा।
पुलिस के अनुसार शारदा बैराज चौकी पुलिस कर्मी रविवार की रात को सघन गश्त पर थे। उन्हें लांबा पुल के पास जंगल में चोरी छिपे तस्करों के नदी पर कर नेपाल जाने की भनक लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंच चार तस्करों को पकड़ लिया। उनके पास से चार पेटी बीड़ी के अलावा काफी मात्रा में आतिशबाजी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने पकड़े गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 221000 रुपये बताई है। पूछताछ में तस्करों ने खटीमा व बनबसा से सामान खरीद कर नेपाल में महंगे दामों पर बेचने की बात स्वीकारी है। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पकड़े गए तस्कर मनीष कुमार, विनय गायन, भीम, सतपाल बनबसा के मीना बाजार नई बस्ती निवासी हैं। तस्करों को पकड़ने वाली टीम में शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह बिष्ट, कां. यतेंद्र रावत, तनवीर आलम, जीवन पांडेय आदि शामिल थे।