टनकपुर (चंपावत)। जिलाधिकारी एसएन पांडेय ने शारदा में खनन को लेकर अधिकारियों और खनन कारोबारियों की बैठक ली। वाहन मालिकों की मांग पर प्रशासन ने खनिज निकासी का लोड बढ़ाते हुए ट्रकों व डंपरों में 90 की जगह 120 क्विंटल और ट्रैक्टर ट्रालियों में 70 क्विंटल कर दिया है। डीएम ने वन विभाग को अप स्ट्रीम में रास्ते का निर्माण जल्द पूरा करने, खनन विभाग को मंगलवार को डाउन स्ट्रीम से खनिज निकासी शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसील सभागार में हुई बैठक में वाहन मालिकों को खनिज सामग्री ढककर ढोने और सड़क पर रोड़ी, बजरी आदि खनिज सामग्री न गिराने की हिदायत दी है। वाहन मालिक और खनन कारोबारियों ने रायल्टी की दरों में बढ़ोत्तरी का मामला उठाते हुए खनिज निकासी का लोड भी बढ़ाने की मांग उठाई। बैठक में शिवराज सिंह कठायत, खनिकर्म इकाई के उप निदेशक खान अधिकारी राजपाल लेघा, एसडीएम दयानंद सरस्वती, तहसीलदार खुशबू पांडेय, एआरटीओ रश्मि भट्ट, सीओ विपिन चंद्र पंत, खनन प्रभारी हरीश पाल, एसडीओ वन राजेश श्रीवास्तव, रेंजर महेश सिंह बिष्ट खनन कारोबारी राजेंद्र सिंह रावत राजू, योगी ज्याल, आनंद सिंह महर, जीडी खुल्लर, महेश सिंह, दीपक सिंह, स्टोन क्रसर स्वामी अनुज अग्रवाल और अमित सिंह ठाकुर मौजूद थे।