लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के नेपाल सीमा से लगे सुल्ला रोंसाल क्षेत्र में टिड्डी दल ने पहुंच गया है। टिड्डी दल ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से टिड्डियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान सावित्री सामंत, त्रिलोक सिंह, मान सिंह, कृपाल सिंह, प्रकाश सिंह, देवी सिंह, जमन सिंह, शंकर राम, कमल किशोर आदि ने बताया कि टिड्डी दल मंगलवार शाम को एकाएक उनके क्षेत्र में पहुंच गया। दल ने खेतों में बैठकर काश्तकारों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। बड़ी संख्या में पहुंचीं टिड्डियों द्वारा फसलों को चौपट किए जाने से किसानों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने रात भर तरह-तरह प्रयासों से टिड्डियों को भगाने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना के बाद कृषि विभाग से मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी हिमांशु जोशी, सहायक कृषि अधिकारी पारस शर्मा ने गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों को क्लोरोपायरिफास दवा वितरित कर इसका छिड़काव करने को कहा।